ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़बड़ी खबर

हत्यारोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की मांग को लेकर शव के साथ धरने पर बैठे परिजन

प्रतापगढ़ के अंतू थाना क्षेत्र में मजदूरी के भुगतान को लेकर हुए विवाद में घर मालिक राममिलन गुप्ता की क्रिकेट बैट से पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त बैट बरामद किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। परिजन शव के साथ धरने पर बैठकर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

प्रतापगढ़। अंतू थाना क्षेत्र के चमनगंज गांव में मजदूरी के भुगतान को लेकर हुए विवाद में घर मालिक की हत्या कर दी गई। बीती रात राज मिस्त्री और उसके दो साथियों ने क्रिकेट बैट से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर मौके पर पहुंचे और आरोपियों की तलाश के लिये टीम गठित की। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उधर मांगों को लेकर परिजन धरने पर बैठ गये और शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया।इस दौरान सपा नेत्री शांति सिंह ज्योत्सना सिंह,रवि गुप्ता सहित कई राजनैतिक दल के लोग संवेदना जताने पहुंचे।

पूर्व सांसद संगमलाल गुप्ता ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए हमलावरों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की मांग की है।

चमनगंज निवासी राममिलन गुप्ता (55) के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। शनिवार रात करीब साढे़ नौ बजे मजदूरी के भुगतान को लेकर राजमिस्त्री रामराज हरिजन पुत्र दुखी, राजू मुसहर पुत्र जमुना, मोनू पुत्र जीतलाल व सूरज पुत्र जमुना से उनकी कहासुनी हो गई।

विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने क्रिकेट बैट से राममिलन गुप्ता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना मिलते ही एसपी दीपक भूकर फोर्स सहित घटना स्थल पहुंचे। निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर पुलिस ने एक आरोपी रामराज पुत्र दुखी राम निवासी धनौर थाना अन्तू को जैतीपुर तिराहा बिहारगंज रोड के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि कई दिन से मैं अपना मजदूरी का पैसा मृतक से मांग रहा था लेकिन मृतक राममिलन गुप्ता मजदूरी का पैसा नहीं दे रहा था।

पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त बैट बरामद किया है। उधर देर शाम तक विभिन्न राजनैतिक दल के पदाधिकारी मृतक के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए धरने में शामिल हुए।

Girijesh Tiwari

गिरिजेश तिवारी वरिष्ठ एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया में लंबे समय का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने हिन्दुस्तान, राष्ट्रीय सहारा और यूनाइटेड भारत जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में प्रतापगढ़ से दैनिक पॉड के संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button