उत्तर प्रदेशताज़ा ख़बरबड़ी खबरलखनऊ

यूपी पीसीएस एसोसिएशन में बड़ा बदलाव: विभू भूषण मिश्र बने अध्यक्ष, डॉ. सृष्टि धवन को महासचिव की जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश पीसीएस एसोसिएशन में नेतृत्व परिवर्तन, विभू भूषण मिश्र बने अध्यक्ष और डॉ. सृष्टि धवन महासचिव। कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय, श्रावण माह के बाद एजीएम और नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी।

लखनऊ, (आरएनएस ): उत्तर प्रदेश पीसीएस एसोसिएशन में लंबे समय से चल रहे संगठनात्मक मंथन के बाद बड़ा बदलाव किया गया है। आपसी सहमति से एसोसिएशन के नए अध्यक्ष के रूप में विभू भूषण मिश्र और महासचिव के रूप में डॉ. सृष्टि धवन का चयन किया गया है। इस निर्णय के साथ संगठन में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी हो गई है।

सूत्रों के अनुसार नेतृत्व परिवर्तन को लेकर संगठन के भीतर काफी समय तक विचार-विमर्श चलता रहा। बताया जा रहा है कि मौजूदा अध्यक्ष पुष्पराज सिंह अध्यक्ष पद छोड़ने के पक्ष में नहीं थे। इस कारण कई दौर की अंदरूनी चर्चा और सहमति बनाने के प्रयास किए गए। अंततः सभी पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद नेतृत्व परिवर्तन का रास्ता साफ हुआ और नए पदाधिकारियों के चयन पर आम सहमति बन गई।

एसोसिएशन की कार्यकारिणी की बैठक में इस संबंध में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक में उपाध्यक्ष संजय कुमार सहित चार पदाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए। पंकज कुमार, पूजा अग्निहोत्री और संजय कुमार पांडेय ने भी वर्चुअल माध्यम से बैठक में भाग लेकर विभिन्न प्रस्तावों पर अपनी सहमति दर्ज कराई।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि श्रावण माह के बाद एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा (एजीएम) आयोजित की जाएगी। इसी दौरान नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। इसके लिए एक स्वतंत्र निर्वाचन समिति गठित की जाएगी, जो चुनाव संबंधी पूरी प्रक्रिया का संचालन करेगी।

संगठन में युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह भी प्रस्ताव रखा गया कि वर्ष 2014 बैच अथवा उसके बाद के अधिकारियों को चुनाव लड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाए, ताकि नई पीढ़ी के अधिकारियों को संगठन की जिम्मेदारियों में अधिक भागीदारी मिल सके।

इस बीच सोशल मीडिया पर एसोसिएशन के नेतृत्व परिवर्तन और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विभिन्न प्रकार की अटकलें और अपुष्ट जानकारियां प्रसारित हो रही थीं। इन्हीं अटकलों के बीच उत्तर प्रदेश पीसीएस एसोसिएशन ने आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी साझा की।

एसोसिएशन ने अपने सभी सदस्यों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें तथा केवल संगठन की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी को ही प्रमाणिक मानें।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button