ताज़ा ख़बरप्रयागराज

04वीं वाहिनी पीएसी में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत निकली भव्य तिरंगा रैली

स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे 'हर घर तिरंगा अभियान-2026'

प्रयागराज।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत 04वीं वाहिनी पीएसी, प्रयागराज में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक चल रहे अभियान के तहत आयोजित रैली में पुलिस अधिकारियों, जवानों, कर्मचारियों और पुलिस मॉडर्न स्कूल के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत तिरंगा रैली का शुभारंभ 04वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक सर्वेश कुमार मिश्र (आईपीएस) के नेतृत्व एवं उपस्थिति में प्रशासनिक भवन से हुआ। देशभक्ति के गीतों और भारत माता के जयघोष के बीच रैली थाना धूमनगंज मार्ग से होते हुए वाहिनी अस्पताल गेट पहुंची और वहां से वापस 04वीं वाहिनी पीएसी परिसर में आकर संपन्न हुई।

तिरंगे और देशभक्ति के नारों से गूंजा मार्ग

रैली के दौरान पूरा मार्ग राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की छटा और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए जवानों और छात्रों ने लोगों को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

रैली का मुख्य उद्देश्य ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का संदेश आमजन तक पहुंचाना और नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना रहा। अधिकारियों ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व में उत्साहपूर्वक सहभागी बनने की अपील की।

पीएसी बैंड की धुनों ने बढ़ाया उत्साह

रैली में वाहिनी के उपसेनानायक, सहायक सेनानायक, सैन्य सहायक, शिविरपाल समेत सभी अधिकारी और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पीएसी वाहिनी बैंड की राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत धुनों ने पूरे आयोजन में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया।

वहीं, पुलिस मॉडर्न स्कूल के छात्र-छात्राओं और शिक्षकगण ने भी हाथों में तिरंगा लेकर अनुशासित तरीके से रैली में सहभागिता की। छात्रों की भागीदारी ने आयोजन को और प्रभावशाली बना दिया। आयोजन के दौरान राष्ट्रभक्ति और अनुशासन का माहौल देखने को मिला।

Sunil Somvanshi

सुनील सोमवंशी वरिष्ठ पत्रकार है,उन्हें प्रिंट मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया मे लंबे समय का अनुभव प्राप्त है, उन्होंने राजस्थान पत्रिका, न्यूज नेशन, प्राइम न्यूज, भारत एक्सप्रेस और बंसल न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में लगातार अपनी सेवाएं दी है, वर्तमान में प्रयागराज में दैनिक पाड के संवाददाता के रूप में कार्यरत है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button