
प्रयागराज।
नवोदय विद्यालय फाउंडेशन डे का आयोजन पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, हाथीजन में आज को किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि रूप में उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने प्राचार्य आरके दीक्षित और अन्य अतिथियों संग दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा मणिपुरी नृत्य, गरबा, देश भक्ति गीत सहित तमाम सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए।
नवोदय विद्यालय के पुरा छात्र, संप्रति पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि एक सरकारी संस्था होने के बावजूद नवोदय विद्यालयों ने उत्कृष्ट शिक्षा, श्रेष्ठ परीक्षा परिणामों और सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के बल पर देश में विशिष्ट स्थान प्राप्त किया है। आज नवोदय से निकली प्रतिभाएं राजनीति, प्रशासन, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, शिक्षा, सेना, व्यवसाय, उद्यमिता और सामाजिक सेवा सहित अनेक क्षेत्रों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहरा रही हैं। ‘हमीं नवोदय हों’ की भावना के साथ आज नवोदय एक ब्रांड बन चुका है।
नवोदय फाउंडेशन डे पर आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में मानव व मयूर ठाकोर को प्रथम, मुद्रा को द्वितीय एवं वेद परमार को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य आर. के. दीक्षित ने कहा कि नवोदय विद्यालय का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि से परे गुणवत्तापूर्ण आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना तथा उनमें राष्ट्रीय एकता, सामाजिक मूल्यों, पर्यावरण संरक्षण, खेल, साहसिक गतिविधियों एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना है।



