अयोध्या में दर्दनाक हादसा: खेत की रखवाली करने जा रही युवती को बोलेरो ने कुचला, चालक वाहन छोड़कर फरार
अयोध्या के खंडासा थाना क्षेत्र में खेत की रखवाली करने जा रही 25 वर्षीय युवती की बोलेरो की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अयोध्या :
जिले के खंडासा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवती की मौत हो गई। खेत की रखवाली करने जा रही युवती को तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। परिजनों का आरोप है कि गिरने के बाद चालक ने दोबारा भी वाहन चढ़ा दिया। हादसे के बाद ग्रामीणों को आता देख चालक और उसका साथी बोलेरो छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, सैदखानपुर गांव निवासी सोहनलाल ने तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी गीत मंगलवार शाम खेत की ओर जा रही थी। इसी दौरान पूर्व माध्यमिक विद्यालय सैदखानपुर के पास बोलेरो वाहन संख्या UP 61 V 9889 ने उसे टक्कर मार दी।
परिजनों का आरोप है कि टक्कर के बाद युवती सड़क पर गिर गई, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय दोबारा उसके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को देखकर बोलेरो में सवार चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल युवती को मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतका के परिजनों ने खंडासा पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि पुलिस को तहरीर मिल गई है। टीम को मौके पर भेजकर जांच शुरू कर दी गई है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।





