गुरूजी की परिकल्पना को हम सब मिलकर करें साकार: आलोक पांडेय, प्रथम पुण्यतिथि पर उमड़े कार्यकर्ता
प्रतापगढ़ के बीरापुर में पूर्व विधायक स्व. लक्ष्मी नारायण पांडेय 'गुरूजी' की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। भाजपा नेता आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि गुरूजी की संगठन और जनसेवा की परिकल्पना को सभी मिलकर साकार करें।

प्रतापगढ़।
रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के बीरापुर बाजार में बुधवार को पूर्व विधायक स्वर्गीय पंडित लक्ष्मी नारायण पांडेय ‘गुरूजी’ की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और क्षेत्रीय नागरिक शामिल हुए। इस दौरान वक्ताओं ने गुरूजी के जनसेवा, संगठन निर्माण और सामाजिक समरसता के योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्य वक्ता एवं भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय मंत्री तथा सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि गुरूजी की सोच भारतीय जनता पार्टी को एक परिवार के रूप में विकसित करने की थी, जिसमें समाज के हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि गुरूजी ने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में संघर्ष, सेवा और संगठन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी तथा उनके सपनों को साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
आलोक पांडेय ने कहा कि राजनीतिक जीवन में संघर्ष के साथ कई चुनौतियों और अपमान का सामना करना पड़ता है, लेकिन इसके बावजूद गुरूजी ने सभी वर्गों के प्रति समान भाव बनाए रखा। उन्होंने जनसेवा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया और संगठन को मजबूत आधार प्रदान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्व. गुरूजी के करीबी सहयोगी आचार्य राजेश्वर दूबे ने की। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने पूर्व विधायक के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके संघर्षपूर्ण जीवन और जनहित के कार्यों को याद किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय सिंह, अशोक सरोज, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष विजय मिश्रा, रानीगंज मंडल अध्यक्ष विवेक शर्मा, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष दिलीप पांडेय, गौरा मंडल अध्यक्ष बृजेश पटेल, मंडल महामंत्री सत्यम शुक्ला,
भाजपा नेता बृजेश यादव, दिनेश दूबे, पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल सिंह, प्रवीण मौर्य, निसार अहमद सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास्तव ने किया।





