
लालगंज, प्रतापगढ़।
रानीगंज कैथौला बाजार में मामूली विवाद के बाद युवक को गोली मारने के मामले में लालगंज पुलिस ने आरोपी संजय शुक्ल और उसके नाबालिग बेटे के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहन पूछताछ कर रही है।
पूरे बोधी सिंह निवासी सुभाष सिंह की तहरीर के अनुसार रविवार शाम उनका पुत्र सौरभ सिंह अपने रिश्तेदार अनिकेत उर्फ सक्षम सिंह के साथ बाजार गया था। पुलिस चौकी के सामने कार बैक करने के दौरान स्कूटी में टक्कर लगने पर विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद संजय शुक्ल और उसके बेटे ने पहले मारपीट की, फिर लाइसेंसी असलहे से सौरभ पर फायर कर दिया। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से हिरासत में ले लिया। घायल सौरभ का प्रयागराज मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
कोतवाल आलोक कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





