ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़

शिक्षाविद व स्वतंत्रता सेनानी पं. मुनीश्वर दत्त उपाध्याय की जयंती पर श्रद्धांजलि, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा समारोह

पं.मुनीश्वर दत्त उपाध्याय की जयंती पर सांगीपुर के गांधी इंटर कॉलेज में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। शिक्षकों व छात्र-छात्राओं ने उनके शिक्षा और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को याद करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

लालगंज, प्रतापगढ़।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं जिले में अनेक शिक्षण संस्थानों के संस्थापक रहे शिक्षाविद पं. मुनीश्वर दत्त उपाध्याय की जयंती सोमवार को सांगीपुर स्थित गांधी इंटर कॉलेज में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित समारोह में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके शिक्षा एवं राष्ट्रसेवा के योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य डॉ. अमिताभ शुक्ल ने शिक्षकों के साथ पं. मुनीश्वर दत्त उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत तथा शिक्षाप्रद सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह को आकर्षक बना दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. अमिताभ शुक्ल ने कहा कि पं. मुनीश्वर दत्त उपाध्याय ने शिक्षा के क्षेत्र में प्रतापगढ़ को मजबूत आधार प्रदान किया। उन्होंने अपने प्रयासों से जनपद में शिक्षा का व्यापक विस्तार किया और नई पीढ़ी को शिक्षित एवं जागरूक बनाने का मार्ग प्रशस्त किया। अन्य वक्ताओं ने भी उनके जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान तथा शिक्षा के प्रसार में निभाई गई भूमिका को प्रेरणादायी बताते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक रविभूषण मिश्र ने किया। संयोजन वरिष्ठ प्रवक्ता रामबोध शुक्ल एवं डॉ. आशीष सिंह ने किया। इस अवसर पर कृष्णदेव दुबे, अनुराग उपाध्याय, रविशंकर उपाध्याय, डॉ. बच्चाबाबू वर्मा, प्रेम कुमार वैश्य, इम्तियाज अहमद, बृजेश द्विवेदी, अल्प नारायण शुक्ल, श्रीधर तिवारी, चंद्रप्रकाश त्रिपाठी, संतोष त्रिपाठी सहित विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Sanjeev Dwivedi

संजीव द्विवेदी वरिष्ठ पत्रकार हैं और पिछले 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने वर्ष 2004 में अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने अमर उजाला, दैनिक जागरण, श्री टाइम्स और राष्ट्रीय स्वरूप जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में कार्य करते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वे निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं। वर्तमान में दैनिक पॉड के लिए प्रतापगढ़ के लालगंज तहसील संवाददाता के रूप में कार्य कर रहे हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button