
लालगंज, प्रतापगढ़।
खाद व बीज की किल्लत, किसानों के उत्पीड़न और भूमि पर अवैध कब्जों के मामलों को लेकर सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (अम्बावता) के बैनर तले किसानों ने तहसील परिसर के निकट डाक बंगला गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई और बाद में एसडीएम वाचस्पति सिंह को ज्ञापन सौंपा।
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण पाण्डेय ने किया। उन्होंने कहा कि खेती के महत्वपूर्ण समय पर किसानों को खाद और बीज उपलब्ध न होना सरकार और प्रशासन की विफलता है। जिला मंत्री कमलाकांत शुक्ल ने आरोप लगाया कि भूमाफियाओं द्वारा किसानों की जमीन पर अवैध कब्जे किए जा रहे हैं, लेकिन प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि एक जुलाई को एसडीएम को दिए गए ज्ञापन में उठाई गई समस्याओं का अब तक समाधान नहीं हो सका है। इसे लेकर किसानों में नाराजगी है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरने का संचालन जिला मंत्री कृष्णकांत शुक्ल ने किया। इस दौरान नंदलाल तिवारी, अजय कुमार मिश्र, लीलावती सिंह, हरीश कुमार, मो. हई खान, अजय कुमार, नीतू गौतम समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
उधर, एसडीएम वाचस्पति सिंह ने किसानों से ज्ञापन प्राप्त कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।





