फतेहपुर में व्यापारियों को मजबूत मंच देने की कवायद, उत्तम उद्योग व्यापार मंडल का संगठन विस्तार
फतेहपुर में उत्तम उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश की जिला बैठक में संगठन का विस्तार किया गया। प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी की मौजूदगी में नए पदाधिकारियों की घोषणा हुई और व्यापारियों के हितों की लड़ाई को और मजबूत करने का संकल्प लिया गया।

फतेहपुर।
जिले में व्यापारियों के हितों को और मजबूती से उठाने के उद्देश्य से उत्तम उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश ने जिला संगठन का विस्तार करते हुए कई नए पदाधिकारियों की घोषणा की। शहर के एक होटल में आयोजित जिला कमेटी की बैठक में व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा के साथ संगठन को गांव से शहर तक मजबूत बनाने की रणनीति तैयार की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी ने व्यापारियों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही व्यापारियों के अधिकारों और हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा कर सकता है। उन्होंने सभी व्यापारियों से संगठन से जुड़कर सामूहिक आवाज बुलंद करने की अपील की।
जिलाध्यक्ष मनोज साहू ने जिला संगठन के विस्तार की घोषणा करते हुए रज्जन साहू को जिला उपाध्यक्ष, समीर मिश्रा को जिला मंत्री, अभय गुप्ता और दीपक जायसवाल को संगठन मंत्री तथा प्रदीप साहू एवं हसन को सक्रिय सदस्य मनोनीत किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला महामंत्री जय किशन ने कहा कि संगठन हमेशा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय रहा है। वहीं जिला उपाध्यक्ष अनिल महाजन ने कहा कि संगठन का उद्देश्य छोटे और बड़े सभी व्यापारियों को एक मंच पर लाकर उनकी समस्याओं का सामूहिक समाधान सुनिश्चित करना है।
बैठक में जिला कोषाध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष सलामत अली, संरक्षक श्रवण कुमार दीक्षित, उपाध्यक्ष प्रेम दत्त उमराव, प्रशांत सिंह चौहान, सौरभ गुप्ता, संजय सिंह, शिव प्रसाद, अहमद, भंवर सिंह सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।





