ताज़ा ख़बरप्रयागराज

डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का SRN अस्पताल निरीक्षण, KGMU जैसी सुविधाओं का ऐलान, पप्पू यादव पर भी साधा निशाना

प्रयागराज दौरे पर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने SRN अस्पताल का निरीक्षण कर KGMU जैसी सुविधाएं देने का ऐलान किया। अस्पताल की खामियां सुधारने के निर्देश दिए और पप्पू यादव के विरोध प्रदर्शन पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी।

प्रयागराज।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने रविवार को प्रयागराज स्थित स्वरूप रानी नेहरू (SRN) अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रयागराज के मेडिकल कॉलेज को चरणबद्ध तरीके से लखनऊ के KGMU जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, ताकि मरीजों को बेहतर इलाज स्थानीय स्तर पर ही मिल सके।

निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल भवन की जर्जर स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने टूटी फॉल सीलिंग, पुराने फायर एक्सटिंग्विशर, खराब विद्युत व्यवस्था और क्षतिग्रस्त खिड़कियों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

100 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक, 200 और बेड की तैयारी

बृजेश पाठक ने बताया कि अस्पताल में 100 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक निर्माणाधीन है। इसके अलावा 200 अतिरिक्त बेड की स्वीकृति भी जल्द दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पीडियाट्रिक ब्लॉक का निर्माण भी तेजी से चल रहा है और इसे शीघ्र मरीजों के लिए शुरू किया जाएगा।

सरकारी डॉक्टरों को दी नसीहत

सरकारी चिकित्सकों की निजी प्रैक्टिस के सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। उन्होंने डॉक्टरों से अपील की कि वे मरीजों को भगवान मानकर सेवा करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचें।

पप्पू यादव के विरोध प्रदर्शन पर जताई नाराजगी

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मुद्दे पर सांसद पप्पू यादव द्वारा साधु का वेश धारण कर किए गए प्रदर्शन पर भी बृजेश पाठक ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस तरह का प्रदर्शन संत समाज का अपमान है। उनके अनुसार चोरी की घटना में कोई संत शामिल नहीं था, इसलिए ऐसा स्वांग उचित नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर समर्थन देने वाली विपक्षी पार्टियों को जनता जवाब देगी।

राहुल गांधी के दौरे पर भी बोले

राहुल गांधी के प्रस्तावित प्रयागराज दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस लगातार कमजोर हुई है और उसके दौरे से कोई बड़ा राजनीतिक बदलाव नहीं होगा।

पत्रकारों के लिए अस्पतालों में अलग सुविधा का निर्देश

निरीक्षण के दौरान बृजेश पाठक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में पत्रकारों के लिए अलग काउंटर, पर्चा बनाने की सुविधा, दवाओं की उपलब्धता और आवश्यक चिकित्सकीय सहायता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि अतिरिक्त संसाधनों की आवश्यकता हो तो उन्हें भी उपलब्ध कराया जाए।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button