
प्रतापगढ़।
बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को मीरा भवन स्थित स्टेडियम में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों की बालक-बालिका जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में जिले के सभी विकास खंडों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खिलाड़ियों ने बैडमिंटन, टेबल टेनिस और शतरंज जैसी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
बैडमिंटन प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय कटरा गुलाब सिंह, विकास खंड मांधाता का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। विद्यालय ने सिंगल और डबल्स दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपना वर्चस्व स्थापित किया।
शतरंज बालक वर्ग में शिवांश वर्मा (पीएम श्री आमापुर), विकास खंड आसपुर देवसरा ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग में सुमित्रा, उच्च प्राथमिक विद्यालय धनुहा, विकास खंड गौरा ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। टेबल टेनिस प्रतियोगिता में भी आसपुर देवसरा के शिवांश वर्मा ने प्रथम स्थान हासिल कर दोहरी सफलता दर्ज की।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। समापन अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों के लिए जलपान की व्यवस्था कराई तथा चयनित खिलाड़ियों को मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मुख्य निर्णायकों में जिला व्यायाम शिक्षक रामकुमार सिंह, जिला व्यायाम शिक्षिका मंजू सिंह, जिला स्काउट मास्टर सुशील सिंह, व्यायाम शिक्षक कमलेश सिंह (पट्टी), राजीव सिंह (बिहार), विजय प्रकाश सिंह (आसपुर देवसरा), पवन सिंह, प्रिया, संदीपा, विनय तिवारी, महेंद्र कन्नौजिया, नलिन कुमार सिंह, अनिल सरोज, साधना सिंह, फरीम तथा आशुतोष सिंह ने प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने में योगदान दिया।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन से खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल रहा। अब चयनित खिलाड़ी मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतापगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।





