ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़

प्रो.गिरिजा शंकर शुक्ल की पुण्यतिथि पर उमड़े शिक्षाविद् व अधिवक्ता, एसडीएम बोले— शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उनका योगदान अविस्मरणीय

लालगंज तहसील सभागार में प्रो. गिरिजा शंकर शुक्ल की 21वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। एसडीएम वाचस्पति सिंह समेत शिक्षाविदों और अधिवक्ताओं ने उनके शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

लालगंज, प्रतापगढ़। बहुगुणा पीजी कॉलेज के पूर्व हिन्दी विभागाध्यक्ष एवं प्रख्यात शिक्षाविद् प्रो. गिरिजा शंकर शुक्ल की 21वीं पुण्यतिथि मंगलवार को स्थानीय तहसील सभागार में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। हिन्दी मित्र संघ एवं संयुक्त अधिवक्ता संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में शिक्षाविदों, अधिवक्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी वाचस्पति सिंह तथा संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेशचंद्र तिवारी ने प्रो. शुक्ल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

समारोह को संबोधित करते हुए एसडीएम वाचस्पति सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की मजबूत आधारशिला होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रो. गिरिजा शंकर शुक्ल ने शिक्षा, साहित्य और हिन्दी भाषा के संवर्धन में जो योगदान दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उनके आदर्श और विचार शिक्षा जगत को निरंतर दिशा देते रहेंगे।

हिन्दी मित्र संघ के संयोजक एवं प्रो. शुक्ल के कनिष्ठ पुत्र ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन को शिक्षा, संस्कार और साहित्य के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया था। वहीं, लखनऊ विश्वविद्यालय के रक्षा अध्ययन विभागाध्यक्ष एवं प्रो. शुक्ल के ज्येष्ठ पुत्र प्रो. डॉ. ओमप्रकाश शुक्ल ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर अतिथियों का स्वागत किया और सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
संयुक्त अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष राव वीरेन्द्र सिंह तथा पूर्व महामंत्री संतोष पाण्डेय ने अपने संबोधन में प्रो. शुक्ल को एक आदर्श शिक्षक बताते हुए कहा कि उनके द्वारा विद्यार्थियों को दिए गए संस्कार और ज्ञान आज भी समाज का मार्गदर्शन कर रहे हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेशचंद्र तिवारी ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष अबरार अहमद खान ने किया। अंत में संघ के उपाध्यक्ष नामवर सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर लेखपाल संघ के मंत्री मोहम्मद अकरम, पीएलवी निरंजन प्रकाश तिवारी, अधिवक्ता आशीष तिवारी, विनय शुक्ल, सुमित त्रिपाठी, शिवेन्द्र तिवारी, दिनेश सिंह, धर्मराज, केके तिवारी, शिव नारायण शुक्ल सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, शिक्षाविद् एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Sanjeev Dwivedi

संजीव द्विवेदी वरिष्ठ पत्रकार हैं और पिछले 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने वर्ष 2004 में अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने अमर उजाला, दैनिक जागरण, श्री टाइम्स और राष्ट्रीय स्वरूप जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में कार्य करते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वे निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं। वर्तमान में दैनिक पॉड के लिए प्रतापगढ़ के लालगंज तहसील संवाददाता के रूप में कार्य कर रहे हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button