तीसरे दिन भी सपा जिला उपाध्यक्ष आशुतोष पांडेय हाउस अरेस्ट, सपा ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
प्रतापगढ़ में छात्र आंदोलन के बीच समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष आशुतोष पांडेय को लगातार तीसरे दिन हाउस अरेस्ट रखा गया। सपा ने सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन और विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया।

प्रतापगढ़। छात्र आंदोलन को लेकर जिले में पुलिस प्रशासन की कार्रवाई लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष आशुतोष पांडेय को कंधई थाना क्षेत्र स्थित उनके आवास पर पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर दिया। पुलिस की मौजूदगी में उन्हें घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई।
इस कार्रवाई पर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया।
सपा नेताओं का कहना है कि प्रदेश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात पैदा कर दिए गए हैं और विपक्षी नेताओं व कार्यकर्ताओं की आवाज को दबाने के लिए पुलिस-प्रशासन का सहारा लिया जा रहा है।
सपा जिला उपाध्यक्ष आशुतोष पांडेय ने कहा कि पेपर लीक और छात्रों के आंदोलन से घबराई सरकार पुलिस के माध्यम से विपक्ष को दबाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी छात्रों के संघर्ष के साथ खड़ी है और नेताओं को घरों में कैद कर देने से न तो छात्रों का आंदोलन रुकेगा और न ही सपा की आवाज दबाई जा सकेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध की आवाज को कुचलना उचित नहीं है। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों की अनदेखी और विपक्ष पर इस तरह की कार्रवाई जारी रही तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध और तेज करेगी।





