2.86 करोड़ की लागत से बनेगा आंबेडकर बारात घर, विधायक मोना व सांसद प्रमोद तिवारी की सौगात का हुआ भूमिपूजन
लालगंज नगर पंचायत क्षेत्र में 2 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आंबेडकर बारात घर का सोमवार को समारोहपूर्वक भूमिपूजन किया गया। विधायक आराधना मिश्रा 'मोना' एवं सांसद प्रमोद तिवारी की पहल पर स्वीकृत इस परियोजना से नगर क्षेत्र के गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को विवाह समारोह के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

लालगंज, प्रतापगढ़। नगर पंचायत लालगंज के सलेम भदारी वार्ड स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क में सोमवार को विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ एवं राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के प्रयासों से स्वीकृत आंबेडकर बारात घर का समारोहपूर्वक भूमिपूजन संपन्न हुआ। करीब 2 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस बहुप्रतीक्षित बारात घर की आधारशिला चेयरपर्सन अनीता द्विवेदी तथा विधायक प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी ने संयुक्त रूप से रखी।
कार्यक्रम का शुभारंभ चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी ने आम्बेडकर जन कल्याण सेवा समिति के पदाधिकारियों के साथ बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। भूमिपूजन समारोह में नगरवासियों के बीच विधायक मोना एवं सांसद प्रमोद तिवारी द्वारा दी गई इस महत्वपूर्ण सौगात को लेकर उत्साह और प्रसन्नता का माहौल देखने को मिला।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी ने कहा कि विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ और सांसद प्रमोद तिवारी सदैव जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बारात घर के निर्माण से विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को शादी-विवाह जैसे मांगलिक आयोजनों के लिए बेहतर एवं सुलभ व्यवस्था उपलब्ध होगी।
चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी ने कहा कि नगर पंचायत लगातार आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि आगामी पंद्रह दिनों के भीतर आंबेडकर पार्क के सौंदर्यीकरण का कार्य भी शुरू करा दिया जाएगा, जिससे पूरे परिसर का स्वरूप और अधिक आकर्षक बनेगा।
विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख इं. अमित प्रताप सिंह ने भी इस परियोजना को नगर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। अधिशाषी अधिकारी इन्द्र प्रताप ने प्रस्तावित बारात घर में उपलब्ध कराई जाने वाली आधुनिक सुविधाओं की जानकारी देते हुए कहा कि भवन सभी आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता चेयरपर्सन अनीता द्विवेदी ने की तथा संचालन अधिवक्ता ज्ञान प्रकाश शुक्ल ने किया। सभासद मो. जावेद ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि सह संयोजक पवन शुक्ला ने आभार व्यक्त किया।
समारोह को सभासद एवं संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेशचंद्र तिवारी, छोटेलाल सरोज, दीपू सरोज, प्रमोद सरोज, रामलखन जायसवाल तथा भगवताचार्य विनय शुक्ल ने भी संबोधित किया। नगर पंचायत के प्रधानांकिक अनिकेत दुबे सहित सभासदों ने अतिथियों को बुके एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर इं. सुनील पाण्डेय, पप्पू तिवारी, शैलेन्द्र मिश्र, रामचंद्र तिवारी, एबादुर्रहमान, कैलाशनाथ तिवारी, शेरू खां, पन्नेलाल पाल, बबलू तिवारी, अवनीश शुक्ला, मोनू पाण्डेय, मुस्ताक अहमद सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं नगरवासी उपस्थित रहे।





