जनपद स्तरीय खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन कराटे, जिम्नास्टिक, शूटिंग व तीरंदाजी में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
प्रतापगढ़ में जनपद स्तरीय बेसिक विद्यालय खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन कराटे, जिम्नास्टिक, शूटिंग और तीरंदाजी प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। नरहरपट्टी ने तीन स्पर्धाओं में पहला स्थान हासिल किया, जबकि खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की सराहना बटोरी।

प्रतापगढ़। स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित जनपद स्तरीय बेसिक विद्यालय खेल प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन सोमवार को कराटे, जिम्नास्टिक, शूटिंग एवं तीरंदाजी प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन हुआ।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला क्रीड़ा अधिकारी रंजीत यादव ने किया। कार्यक्रम का संचालन जिला व्यायाम शिक्षक राम कुमार सिंह एवं व्यायाम शिक्षिका मंजू सिंह ने किया।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकास खंडों से आए बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने तकनीकी दक्षता, संतुलन, एकाग्रता और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों की सराहना बटोरी।
प्रतियोगिता के परिणामों में कराटे एवं जिम्नास्टिक में उच्च प्राथमिक विद्यालय नरहरपट्टी (मांधाता) ने प्रथम स्थान हासिल किया। कराटे में उच्च प्राथमिक विद्यालय तुलसीपुर उपविजेता रहा, जबकि जिम्नास्टिक में उच्च प्राथमिक विद्यालय सेतापुर ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
शूटिंग प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय पूरे ईश्वरनाथ (नगर क्षेत्र) प्रथम तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय तुलसीपुर द्वितीय स्थान पर रहा। तीरंदाजी में भी उच्च प्राथमिक विद्यालय नरहरपट्टी ने पहला और तुलसीपुर ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में शूटिंग में किशन, शिवा, लाडली और मानवी विजेता बने। वहीं कराटे, जिम्नास्टिक और तीरंदाजी में अरबिया, खुशी, अंशिका, रिया, रागिनी, असद, यश, अंकित, रोहित और आदिल ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के समापन पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विजेता खिलाड़ियों और टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
उन्होंने खिलाड़ियों को मंडलीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि नियमित अभ्यास, अनुशासन और समर्पण ही सफलता की कुंजी है।
इस अवसर पर निर्णायक मंडल में प्रभाकर यादव, कौशलेन्द्र प्रताप सिंह, संजीव कुमार शुक्ल, राजीव सिंह, शैलेश सिंह, कमलेश सिंह, सुभाष चन्द्र पाण्डेय, आशुतोष सिंह एवं आशुतोष निर्मल सहित टीम प्रभारी रीना शुक्ला, सुशील सिंह, आदित्य सिंह, खुर्शीद अहमद और योगेश सिंह मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन से विद्यालयों में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला।





