अन्यउत्तर प्रदेशबड़ी खबरराजनीतिलखनऊ

राम मंदिर ट्रस्ट के CEO पद के लिए पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने किया आवेदन, 18 जुलाई को होंगे इंटरव्यू

अयोध्या राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के CEO पद के लिए पूर्व IPS अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने आवेदन किया है। 18 जुलाई को साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।

अयोध्या। अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद के लिए उत्तर प्रदेश के पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने आवेदन किया है।


राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय समेत कई जिम्मेदार पदाधिकारियों के इस्तीफे की खबरों के बीच ट्रस्ट ने CEO पद के लिए देशभर से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसी क्रम में अमिताभ ठाकुर ने भी अपनी दावेदारी पेश की है।

अपने आवेदन में अमिताभ ठाकुर ने भारतीय पुलिस सेवा और लोक प्रशासन में करीब तीन दशक के अनुभव का उल्लेख किया है। उन्होंने सुरक्षा प्रबंधन, सतर्कता, विधिक एवं प्रशासनिक मामलों, कार्मिक प्रशासन और संस्थागत समन्वय के क्षेत्र में अपने अनुभव को भी रेखांकित किया है।

अमिताभ ठाकुर ने आवेदन में खुद को हिंदू सामाजिक-सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से जुड़ा बताते हुए भगवान श्रीराम के मर्यादा, न्याय, कर्तव्यनिष्ठा और लोककल्याण के आदर्शों के प्रति अपनी आस्था और सम्मान व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने अपने प्रशासनिक अनुभव, योग्यता और पारदर्शिता के आधार पर चयन प्रक्रिया में शामिल किए जाने का अनुरोध किया है।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सोमवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर CEO पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। ट्रस्ट के अनुसार, इस पद के लिए साक्षात्कार 18 जुलाई को शाम 4 बजे आयोजित किए जाएंगे।

गौरतलब है कि 5 जून को पहली बार राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला सार्वजनिक रूप से सामने आया था, जिसके बाद ट्रस्ट की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button