न्याय की प्रतिबद्धता के साथ संयुक्त अधिवक्ता संघ की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ , मिली सौगात
लालगंज संयुक्त अधिवक्ता संघ की नव निर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न। शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी ने 20 लाख रुपये व ई-लाइब्रेरी, जबकि सांसद प्रमोद तिवारी व विधायक मोना की ओर से 10 लाख रुपये की सौगात की घोषणा। विधि क्षेत्र में योगदान देने वालों को किया गया सम्मानित।

लालगंज, प्रतापगढ़। स्थानीय तहसील परिसर में मंगलवार को संयुक्त अधिवक्ता संघ की नव निर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने वादकारियों को न्याय दिलाने और अधिवक्ता हितों के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी, क्षेत्रीय विधायक एवं कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना के पुत्र राघव मिश्र तथा नव निर्वाचित अध्यक्ष राजेशचंद्र तिवारी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
चुनाव समिति के अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने नव निर्वाचित अध्यक्ष राजेशचंद्र तिवारी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अबरार अहमद खान, उपाध्यक्ष नामवर सिंह, महामंत्री शिवरंजन यादव, कोषाध्यक्ष अतुल सिंह, सह मंत्री सचिन पाण्डेय, आय-व्यय निरीक्षक संतोष तिवारी सहित कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई।
मुख्य अतिथि शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी ने कहा कि अधिवक्ता समाज के कमजोर और वंचित लोगों को न्याय दिलाने के सशक्त प्रहरी हैं। उन्होंने विधायक निधि से तहसील परिसर में वादकारी शेड निर्माण के लिए 20 लाख रुपये तथा लालगंज में ज्ञानार्जन के लिए ई-लाइब्रेरी की सौगात देने की घोषणा की।
विशिष्ट अतिथि राघव मिश्र ने सांसद प्रमोद तिवारी एवं विधायक आराधना मिश्रा मोना की ओर से नव निर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए अधिवक्ताओं की सुविधाओं के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता संविधान की रक्षा और आमजन के अधिकारों को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अति विशिष्ट अतिथि अपर जिला जज रघुवीर सिंह राठौर ने कहा कि बार और बेंच के बेहतर तालमेल से ही न्याय व्यवस्था मजबूत होती है। उन्होंने अधिवक्ताओं से न्यायिक वातावरण को और सुदृढ़ बनाने में सहयोग का आह्वान किया। सिविल जज अशोक कुमार ने जरूरतमंदों को समय पर न्याय उपलब्ध कराने को न्याय प्रणाली का उद्देश्य बताया।
एसडीएम शैलेन्द्र वर्मा ने अधिवक्ताओं से विधि के क्षेत्र में निरंतर अध्ययन की अपील की, जबकि सीओ राजीव द्विवेदी ने शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रबुद्ध वर्ग की भूमिका पर प्रकाश डाला।
समारोह में विधि क्षेत्र में योगदान के लिए चुनाव समिति अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल, पूर्व अध्यक्ष देवी प्रसाद मिश्र, पूर्व अध्यक्ष राधारमण शुक्ल, पूर्व अध्यक्ष अजय शुक्ल ‘गुड्डू’, शासकीय अधिवक्ता हरिशंकर द्विवेदी, समाजसेवी राजेन्द्र द्विवेदी एवं पं. केदारनाथ तिवारी को सम्मानित किया गया। वहीं सशक्तीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अधिवक्ता गीता सिंह, हिना अंसारी, आभा दुबे, शिखा तिवारी एवं अनीता चौरसिया को अतिथियों ने प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
नव निर्वाचित अध्यक्ष राजेशचंद्र तिवारी ने अतिथियों को बाबा घुइसरनाथ जी का चित्र, अंगवस्त्रम एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया। निवर्तमान अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी ‘महेश’ ने उन्हें विधिवत पदभार ग्रहण कराया।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व अध्यक्ष देवी प्रसाद मिश्र ने किया। आभार वरिष्ठ उपाध्यक्ष अबरार अहमद खान एवं महामंत्री शिवरंजन यादव ने व्यक्त किया।
इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी, चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, ईओ इन्द्र प्रताप, सीओ चकबंदी अविनाश पाण्डेय, विभाग प्रचारक ओमप्रकाश, पूर्व अध्यक्ष विकास मिश्र, शैलेन्द्र मिश्र, बृजेश द्विवेदी, आशीष उपाध्याय, रमाशंकर तिवारी, अनूप पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।





