ताज़ा ख़बरमेरठ

मेरठ में विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष बोला- पैर फिसलने से हादसा; मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष इसे हादसा बता रहा है, जबकि मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना को लेकर ससुराल और मायके पक्ष के दावे अलग-अलग हैं। ससुराल पक्ष का कहना है कि फर्श पर पैर फिसलने से सिर में गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौत हुई, जबकि मायके वालों ने मारपीट और गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। 

पुलिस के अनुसार, अहमद नगर गली नंबर-2 निवासी शाहवेज की शादी छह वर्ष पहले किदवई नगर निवासी निदा उर्फ सोनी से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। रविवार दोपहर शाहवेज ने मायके पक्ष को फोन कर बताया कि निदा का पैर फिसल गया है और उसके सिर में गंभीर चोट लगी है।

मायके पक्ष का आरोप है कि जब वे ससुराल पहुंचे तो महिला का शव फर्श पर पड़ा था और आसपास खून फैला हुआ था। उनका दावा है कि मृतका के हाथ-पैर पर चोट के निशान थे और गले पर भी दबाव के निशान दिखाई दे रहे थे, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है।

घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और हंगामे की स्थिति बन गई। आरोप है कि इसी दौरान पति समेत अन्य ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए। सूचना पर लिसाड़ी गेट थाना पुलिस, सीओ कोतवाली संग्राम सिंह और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाए।

सीओ संग्राम सिंह ने बताया कि महिला की संदिग्ध मौत की सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल फरार पति और अन्य परिजनों की तलाश की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।

 

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button