
प्रयागराज। हंडिया थाना क्षेत्र के सिधवार रायपुर स्थित नहर में गुरुवार को दोस्तों के साथ नहाने गए एक आईटीआई छात्र की डूबने से मौत हो गई। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने नहर से शव बाहर निकाला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने छात्र के साथ गए चार अज्ञात युवकों की भूमिका पर संदेह जताया है, जिसके बाद पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, पूरेगोबई निवासी संतलाल शर्मा का 20 वर्षीय इकलौता बेटा हिमांशु शर्मा श्री सांई राम औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र, उपरदहां (हंडिया) से आईटीआई की पढ़ाई कर रहा था। परिजनों ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 11 बजे मोबाइल पर कॉल आने के बाद वह घर से निकला था। दोपहर में सिधवार रायपुर नहर में उसके डूबने की सूचना मिली।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हिमांशु के साथ चार अन्य युवक भी नहर में गए थे। हादसे के बाद वे शोर मचाते हुए मौके से चले गए। सूचना पर बरौत चौकी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। नहर का पानी बंद कराकर ग्रामीणों की मदद से करीब चार घंटे तक तलाशी अभियान चलाया गया, जिसके बाद हिमांशु का शव गहरे पानी में कीचड़ में फंसा मिला।
बेटे का शव देखकर पिता संतलाल शर्मा, बहन रूबी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बरौत चौकी प्रभारी रामायण सिंह ने बताया कि छात्र के साथ मौजूद चार युवकों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





