मानवीय सभ्यता की सुरक्षा के लिए पौधरोपण और संरक्षण अनिवार्य : अपर जिला जज
पौधरोपण महाअभियान के तहत लालगंज क्षेत्र में रविवार को वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। दीवानी न्यायालय परिसर सहित नगर व ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पौधे लगाए गए। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और पौधों के संरक्षण को लेकर संगोष्ठियों का आयोजन कर लोगों को जागरूक किया गया।

लालगंज, प्रतापगढ़। पर्यावरण संरक्षण और जलवायु संतुलन को बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजित पौधरोपण महाअभियान के तहत रविवार को लालगंज में विभिन्न स्थानों पर छायादार एवं फलदार पौधे रोपे गए। अभियान का शुभारंभ लालगंज दीवानी न्यायालय परिसर में अपर जिला जज रघुवीर सिंह राठौर और सिविल जज अशोक कुमार ने अधिवक्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पौधरोपण कर किया।
इस अवसर पर दीवानी न्यायालय सभागार में पौध संरक्षण विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए अपर जिला जज रघुवीर सिंह राठौर ने कहा कि आधुनिक विकास की चकाचौंध के बीच मानवीय सभ्यता और प्रकृति के संतुलन को प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जलवायु संरक्षण के लिए पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल जज अशोक कुमार ने की, जबकि संचालन वन क्षेत्राधिकारी प्रेमचंद्र मिश्रा ने किया। संगोष्ठी में ब्लॉक प्रमुख इं. अमित प्रताप सिंह पंकज, चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेशचंद्र तिवारी और रूरल बार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश शुक्ल ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के दौरान अभियान में सहयोग और जागरूकता बढ़ाने वाले नौनिहालों को पुरस्कृत भी किया गया। इस मौके पर प्रधानाध्यापक डॉ. वीरेश सिंह, प्रधानाचार्य एसएन त्रिपाठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अबरार अहमद, उपाध्यक्ष नामवर सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता देवी प्रसाद मिश्र बेलौरा, विष्णु सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
इधर नगर पंचायत क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय खालसा सादात में चेयरपर्सन अनीता द्विवेदी और अधिशासी अधिकारी इंद्र प्रताप ने पौधरोपण किया। कार्यक्रम का संयोजन प्रधानाध्यापक राजाराम सरोज ने किया।
नगर स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के बैनर तले पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। प्राचार्य डॉ. ऋचा सुकुमार ने पौधे लगाए। कार्यक्रम का संयोजन कार्यक्रमाधिकारी डॉ. फणींद्र नारायण मिश्र ने किया।
वहीं सांगीपुर स्थित गांधी इंटरमीडिएट कॉलेज में भी पौधरोपण महाअभियान के तहत प्रधानाचार्य डॉ. अमिताभ शुक्ल ने वृहद पौधरोपण का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष पृथ्वी का सबसे बड़ा उपहार हैं और इनके संरक्षण से ही जीवन सुरक्षित रह सकता है। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रवक्ता रामबोध शुक्ल ने किया।
इस अवसर पर केडी दुबे, रविशंकर उपाध्याय, डॉ. बच्चा बाबू वर्मा, अनुराग उपाध्याय, डॉ. आशीष सिंह, अनिल कुमार, प्रेमकुमार वैश्य, इम्तियाज अहमद, सूरज पाल, महेश शुक्ल, नन्हें खां, हरिकेश विश्वकर्मा, प्रदीप कुमार और छोटू पाठक सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।





