
प्रतापगढ़। दिलीपपुर थाना पुलिस ने साइबर अपराध में संलिप्त एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर म्यूल बैंक खातों और सिम कार्ड के जरिए साइबर ठगी कराने वाले गिरोह का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कन्हैयालाल पुत्र रामखेलावन हरिजन, निवासी मरुआन दांदूपुर मुफरीद, थाना दिलीपपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी लालच में आकर अपने नाम से बैंक खाते खुलवाता था और उनसे जुड़े सिम कार्ड व दस्तावेज साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराता था। एनसीआरपी और समन्वय पोर्टल की जांच में आरोपी से जुड़े बैंक खातों व सिम कार्डों के माध्यम से कर्नाटक, दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों में ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की 17 शिकायतें दर्ज मिली हैं।
थाना प्रभारी बलराम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर श्रीनाथपुर स्थित जल जीवन मिशन की पानी की टंकी के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक वीवो एंड्रॉयड मोबाइल, दो कोरियर रसीदें और एक पैन कार्ड बरामद हुआ है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि प्रत्येक बैंक खाते के बदले उसे करीब पांच हजार रुपये तथा प्रत्येक सिम कार्ड के लिए एक हजार रुपये मिलते थे। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





