ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़

सर्राफा कारोबारी लूटकांड का खुलासा, चांदी, नकदी, तमंचा और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद, तीन गिरफ्त में

प्रतापगढ़ में सर्राफा कारोबारी लूटकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से लूटी गई चांदी, नकदी, अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

प्रतापगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र में सर्राफा व्यवसायी से हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से लूट के चांदी के आभूषण, नकदी, अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की सुजुकी जिक्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार व क्षेत्राधिकारी नगर आशुतोष मिश्रा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुभाष कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर भोरही का पुरवा गौशाला के पास नहर किनारे से राजेन्द्र वर्मा (कोहंडौर), सौरभ यादव (कोहंडौर) और चन्दन सरोज (कंधई) को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 8 जुलाई को रामपुर नहर के पास सर्राफा व्यवसायी सीताराम सोनी से तमंचे के बल पर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली गई थी। इस मामले में शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर पहले सर्राफा व्यवसायी की रेकी की और फिर सुनसान स्थान पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। लूटे गए चांदी के आभूषणों को गलाकर आपस में बांट लिया, जबकि नकदी का अधिकांश हिस्सा खर्च कर दिया।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 125 ग्राम गली हुई चांदी, चार बिछिया, तीन नाक की कील, 6,200 रुपये नकद, एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की सुजुकी जिक्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपितों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की कार्रवाई भी की गई है। पुलिस अन्य फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

Girijesh Tiwari

गिरिजेश तिवारी वरिष्ठ एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया में लंबे समय का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने हिन्दुस्तान, राष्ट्रीय सहारा और यूनाइटेड भारत जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में प्रतापगढ़ से दैनिक पॉड के संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button