ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़

आस्था, श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ मां ज्वालामुखी धाम का पांच दिवसीय मेला

मानिकपुर स्थित सिद्ध पीठ मां ज्वालामुखी धाम का पांच दिवसीय शीतला सप्तमी धार्मिक मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। समापन पर एसडीएम वाचस्पति सिंह ने सावन मेले से पहले सड़क निर्माण और जलभराव की समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया।

मानिकपुर, प्रतापगढ़। सिद्ध पीठ मां ज्वालामुखी देवी धाम, मानिकपुर में आयोजित पांच दिवसीय शीतला सप्तमी धार्मिक मेले का शुक्रवार को विधिवत समापन हो गया। समापन अवसर पर उप जिलाधिकारी एवं मेला मजिस्ट्रेट वाचस्पति सिंह तथा मंदिर ट्रस्ट सचिव डॉ. विजय यादव ने मां ज्वालामुखी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं की सुख-समृद्धि की कामना की।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए मेला मजिस्ट्रेट वाचस्पति सिंह ने कहा कि मां ज्वालामुखी की कृपा, प्रशासनिक समन्वय और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से मेला शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों की गरिमा बनाए रखना और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। यदि किसी स्तर पर कोई कमी रह गई है तो उसे आगामी आयोजनों में दूर करते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।

उन्होंने आगामी सावन मेले की तैयारियों का जिक्र करते हुए कहा कि नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। साथ ही मिरगड़वा चौराहे पर लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या का समाधान भी कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवागमन में असुविधा न हो।

मंदिर ट्रस्ट सचिव ने कहा कि मेले की सफलता प्रशासन, पुलिस, विभिन्न विभागों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों और मानिकपुर के नागरिकों के सामूहिक सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी तरह के सहयोग की अपेक्षा जताई।

समापन अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि आशुतोष जायसवाल, ट्रस्ट सदस्य त्रिभुवन नाथ यादव, फूलचंद यादव, दुर्गा प्रसाद यादव, राजस्व कर्मी राम निहोर यादव, सत्येंद्र सिंह, राम अभिलाष यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Deena Nath Mishra

डीएन मिश्रा दैनिक पॉड में प्रतापगढ़ के मानिकपुर क्षेत्र से संवाददाता हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे प्रतापगढ़ की स्थानीय खबरों, अपराध, प्रशासन, राजनीति, शिक्षा पर अच्छी पकड़ रखते हैं। रीजनल समाचारों की गहरी समझ और विश्वसनीय कवरेज के लिए उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button