उत्तर प्रदेशताज़ा ख़बरधर्म-आस्थाप्रतापगढ़बड़ी खबरलखनऊ

कुंडा के बेती में बागेश्वर सरकार की कथा को मिली प्रशासनिक अनुमति

प्रतापगढ़ के कुंडा तहसील स्थित बेंती में 17 से 20 नवंबर तक होने वाली बागेश्वर धाम सरकार की कथा को प्रशासन ने आठ शर्तों के साथ अनुमति दे दी है। लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना के मद्देनजर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की तैयारी शुरू।

प्रतापगढ़। कुंडा तहसील के बेंती स्थित राजभवन परिसर के परेड ग्राउंड में आगामी 17 से 20 नवंबर तक प्रस्तावित बागेश्वर धाम सरकार की चार दिवसीय कथा को प्रशासन ने अनुमति प्रदान कर दी है।

आयोजन समिति के आवेदन, पुलिस की आख्या और सुरक्षा व्यवस्था के आकलन के बाद उपजिलाधिकारी ने आठ सूत्रीय शर्तों के साथ आयोजन की मंजूरी दी है।
आयोजन समिति के सचिव हनुमान प्रसाद पांडेय (अधिवक्ता) ने कथा आयोजन की अनुमति के लिए एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया था।

इसके बाद थाना हथिगवां प्रभारी ने प्रस्तावित कथा स्थल का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट में बताया गया कि कथा के दौरान प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए फायर ब्रिगेड, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग समेत अन्य विभागों की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई गई। प्रशासन ने सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद आवश्यक शर्तों के साथ अनुमति जारी कर दी।अनुमति की शर्तों के अनुसार आयोजन के दौरान ऐसा कोई भाषण, नारेबाजी, पोस्टर या बैनर प्रदर्शित नहीं किया जाएगा, जिससे किसी धर्म, जाति अथवा संप्रदाय की भावनाएं आहत हों। आयोजकों को कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, अग्निशमन तथा प्रशासन द्वारा जारी सभी निर्देशों का पालन करना होगा।

दरअसल, बागेश्वर धाम सरकार की कथा में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। भारी भीड़ और सुरक्षा प्रबंधन को देखते हुए ऐसे आयोजनों के लिए प्रशासनिक अनुमति मिलना सामान्यतः आसान नहीं माना जाता। हालांकि बेंती में पर्याप्त खुला मैदान, संसाधनों की उपलब्धता और भीड़ प्रबंधन की संभावनाओं को देखते हुए प्रशासन ने आयोजन को अनुमति प्रदान कर दी है।

इससे पहले जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ ने अपने बेंती आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में कथा आयोजन की घोषणा की थी। उन्होंने बताया था कि 17, 18, 19 और 20 नवंबर को बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कथा का वाचन करेंगे। उनके अनुसार यह आयोजन क्षेत्र के लिए आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि प्रतापगढ़ जनपद में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की यह पहली विधिवत कथा होगी। हालांकि वह इससे पहले पट्टी क्षेत्र में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हो चुके हैं, लेकिन प्रतापगढ़ में उनकी कथा का आयोजन पहली बार प्रस्तावित है। कथा को लेकर अभी से क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button