जमीनी विवाद में दबंगों ने घर में घुसकर बरपाया कहर, इलाज के दौरान किशोर की मौत, कई गंभीर
प्रतापगढ़ के कंधई थाना क्षेत्र के कोनी गांव में जमीनी विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दबंगों के हमले में घायल 14 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

प्रतापगढ़। कंधई थाना क्षेत्र के कोनी गांव में वर्षों से चला आ रहा जमीन का विवाद बुधवार को उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया, जब कथित तौर पर पड़ोसी पक्ष ने घर में घुसकर एक ही परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया।
कुल्हाड़ी, सरिया, लाठी और अन्य धारदार हथियारों से किए गए हमले में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें 14 वर्षीय किशोर प्रवेश पटेल की प्रयागराज में इलाज के दौरान मौत हो गई। किशोर की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताते है जिस जमीन को लेकर लंबे समय से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था, वही विवाद आखिरकार एक मासूम की जान पर भारी पड़ गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस एहतियात के तौर पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।
जानकारी के अनुसार, कोनी गांव निवासी पृथ्वीपाल पटेल का अपने पड़ोसियों के साथ जमीन के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। मामला तहसील में विचाराधीन बताया जा रहा है और दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका है।
बुधवार दोपहर पृथ्वीपाल पटेल किसी कार्य से तहसील गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी परमीला देवी (45), पुत्र प्रवेश पटेल (14), इंद्रेश (11) और पुत्री प्रतिभा (16) मौजूद थे।
आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी पक्ष के लोग विवादित जमीन पर जबरन मेड़ बनाकर कब्जा करने की कोशिश करने लगे।
जब परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया तो पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। देखते ही देखते विवाद हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी, डंडे, सरिया, कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियारों से परिवार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से परिवार के लोग संभल भी नहीं पाए और घर में चीख-पुकार मच गई।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े तो ग्रामीणों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोहंडौर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए सभी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
डॉक्टरों ने प्रवेश पटेल की हालत अत्यंत गंभीर बताई। उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें होने के कारण उसे प्रयागराज मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया,जहां इलाज के दौरान वह दम तोड़ दिया। जैसे ही मौत की सूचना गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। मां परमीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता पृथ्वीपाल पटेल सदमे में हैं।
हमले में घायल परमीला देवी, प्रतिभा और इंद्रेश का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), क्षेत्राधिकारी पट्टी और कंधई थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।





