
प्रतापगढ़। थाना अंतू क्षेत्र में मजदूरी के भुगतान को लेकर हुए विवाद में मकान मालिक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो बांस के डंडे भी बरामद किए गए हैं। इससे पहले पुलिस इस मामले में एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार 4 जुलाई को बघुमार गांव निवासी सुशीला देवी ने थाना अंतू में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके निर्माणाधीन मकान पर कार्य कर रहे मजदूरों ने मजदूरी के पैसे को लेकर हुए विवाद के दौरान उनके पति राममिलन गुप्ता पर हमला कर दिया।
मारपीट में गंभीर रूप से घायल राममिलन को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले में थाना अंतू पर मुकदमा संख्या 169/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर आशुतोष मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अभिषेक सिरोही के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ककरहा चौराहे के पास से वांछित आरोपी मोनू बनवासी (25 वर्ष) और सूरज बनवासी (26 वर्ष) निवासी जैतीपुर कठार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे कई दिनों से अपनी मजदूरी मांग रहे थे, लेकिन राममिलन गुप्ता पैसे नहीं दे रहे थे। 4 जुलाई को वे अपने अन्य साथियों के साथ मजदूरी मांगने पहुंचे, जहां विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इसी दौरान आवेश में आकर दोनों ने घर में रखा बांस का डंडा उठाकर राममिलन के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। बाद में पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो बांस के डंडे बरामद कर लिए।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में नामजद आरोपी रामराज को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।





