एडीजी ने मुख्यमंत्री के दौरे से पहले लिया सुरक्षा तैयारियों का जायजा
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित प्रतापगढ़ दौरे से पहले एडीजी प्रयागराज जोन ज्योति नारायण ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

प्रतापगढ़। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित प्रतापगढ़ दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्थाएं अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को प्रयागराज जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) ज्योति नारायण ने जिले का दौरा कर जीआईसी मैदान स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। 
उन्होंने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने मंच, वीआईपी दीर्घा, बैरिकेडिंग, सुरक्षा घेरों और प्रवेश-निकास मार्गों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की भी समीक्षा करते हुए वीआईपी आवागमन को सुचारु रखने और आमजन को न्यूनतम असुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आपातकालीन निकासी मार्ग, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य आवश्यक इंतजामों का भी जायजा लिया। 
एडीजी ने पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के साथ सुरक्षा तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत पूरी सतर्कता, समन्वय और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल के चप्पे-चप्पे पर प्रभावी निगरानी रखी जाए ताकि मुख्यमंत्री का दौरा सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, अपर पुलिस अधीक्षक, सभी क्षेत्राधिकारी (सीओ) तथा अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने एडीजी को आश्वस्त किया कि सभी सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएंगी।





