ताज़ा ख़बरबड़ी खबरसीतापुर

प्रेम संबंध और जलन बनी हत्या की वजह, 48 घंटे में खुला पिंकी हत्याकांड

सीतापुर के पंचमपुरवा में महिला पिंकी गुप्ता हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा किया। प्रेम संबंध, जलन और साजिश के चलते हुई हत्या में तीन आरोपी गिरफ्तार।

सीतापुर। कोतवाली देहात क्षेत्र के पंचमपुरवा में महिला पिंकी गुप्ता की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया।

पुलिस ने वारदात के मुख्य साजिशकर्ता शिवप्रकाश शुक्ला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त खून से सना लोहे का बेलचा भी बरामद कर लिया है।

रविवार शाम पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आलोक सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर नेहा त्रिपाठी की निगरानी में कोतवाली देहात पुलिस एवं एसओजी टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर ग्राम मधवापुर के पास आम के बाग से शिवप्रकाश शुक्ला, लक्ष्मी देवी और दिलीप कुमार रैदास को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि शिवप्रकाश शुक्ला के मृतका पिंकी गुप्ता से प्रेम संबंध थे। इसी दौरान उसके संबंध एक ई-रिक्शा चालक की पत्नी लक्ष्मी देवी से भी हो गए। लक्ष्मी, शिवप्रकाश पर उसके साथ रहने का दबाव बना रही थी।

जब उसे पिंकी और शिवप्रकाश के रिश्ते की जानकारी हुई तो दोनों महिलाओं के बीच विवाद बढ़ गया। इसी जलन के चलते लक्ष्मी ने पिंकी को रास्ते से हटाने की साजिश रची, जिसमें शिवप्रकाश और उसके साथी दिलीप कुमार रैदास भी शामिल हो गए।

योजना के तहत तीन जुलाई की सुबह आरोपी पिंकी के घर पहुंचे और सो रही पिंकी पर लोहे के बेलचे से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी कमरे में ताला लगाकर फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस ने सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर महज 48 घंटे में पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का बेलचा भी बरामद कर लिया गया।

तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button