अन्यताज़ा ख़बरप्रतापगढ़बड़ी खबर

बालवाटिका संचालन में लापरवाही पर होगी कार्रवाई: डीएम

प्रतापगढ़ में जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में बालवाटिका संचालन में लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही 15 जुलाई तक सभी परिषदीय विद्यालयों में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण सुनिश्चित करने को कहा।

प्रतापगढ़। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन परिषदीय विद्यालयों में बालवाटिका का संचालन नहीं हो रहा है, वहां संबंधित खण्ड शिक्षा अधिकारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। उन्होंने 15 जुलाई तक जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
कैम्प कार्यालय सभागार में आयोजित जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति, मध्यान्ह भोजन योजना तथा जिला एवं ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों, विद्यालयों की अवस्थापना सुविधाओं और शिक्षा की गुणवत्ता की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक में परिषदीय विद्यालयों में विद्युत संयोजन की प्रगति पर असंतोष जताते हुए उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि 15 जुलाई तक शेष सभी विद्यालयों में बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने विद्यालय पेयरिंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि पेयरिंग वाले प्रत्येक विद्यालय में बालवाटिका का नियमित संचालन हो। जहां ऐसा नहीं पाया जाए, वहां संबंधित खण्ड शिक्षा अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने 50 से कम छात्र संख्या वाले परिषदीय विद्यालयों का चिन्हांकन कर संबंधित खण्ड शिक्षा अधिकारियों से जवाब तलब करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं और छात्र नामांकन में सुधार के लिए सभी अधिकारी गंभीरता से कार्य करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना, अपर जिलाधिकारी आदित्य प्रजापति, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवव्रत सिंह, सभी खण्ड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक तथा एसआरजी सदस्य उपस्थित रहे।

Girijesh Tiwari

गिरिजेश तिवारी वरिष्ठ एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया में लंबे समय का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने हिन्दुस्तान, राष्ट्रीय सहारा और यूनाइटेड भारत जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में प्रतापगढ़ से दैनिक पॉड के संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button