घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा, बीएसएनएल टावर से युवती को उतार लाई पुलिस
प्रतापगढ़ के हथिगवां थाना क्षेत्र में बीएसएनएल टावर पर चढ़ी युवती को पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद सकुशल नीचे उतार लिया। मामले में युवती के खिलाफ बीएनएस की धारा 221 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

प्रतापगढ़। थाना हथिगवां क्षेत्र के ग्राम मलाका रज्जाकपुर स्थित बीएसएनएल टावर पर मंगलवार सुबह एक युवती के चढ़ जाने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही हथिगवां पुलिस मौके पर पहुंची और महिला पुलिसकर्मियों की सूझबूझ, धैर्य तथा मानवीय संवेदनशीलता के चलते युवती को सकुशल नीचे उतार लिया गया।
जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 10:28 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक युवती बीएसएनएल टावर पर चढ़ गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला उपनिरीक्षक राखी सिंह, महिला आरक्षी प्रिया मौर्य और सीमा गुप्ता तत्काल मौके पर पहुंचीं। पुलिस टीम ने युवती से लगातार संवाद स्थापित करते हुए उसे शांत करने और सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया।
इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुलिस का सहयोग किया। काफी देर तक चली समझाइश और बातचीत के बाद युवती पुलिस और ग्रामीणों के भरोसे पर नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई। संयुक्त प्रयास से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस के अनुसार युवती की पहचान मीनू निर्मल (20) पुत्री स्व. इंद्रजीत निवासी नरसिंहपुर थाना हथिगवां के रूप में हुई है। आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई भी की गई।
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों ने महिला पुलिसकर्मियों की तत्परता, धैर्य और मानवीय व्यवहार की सराहना की। लोगों का कहना था कि यदि पुलिस संयम और समझदारी से काम न लेती तो कोई अप्रिय घटना हो सकती थी।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की मानसिक, पारिवारिक अथवा सामाजिक समस्या होने पर कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस एवं संबंधित विभागों से सहायता लें, ताकि समय रहते समाधान निकाला जा सके।





