
प्रतापगढ़। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले की चार ग्राम पंचायतों में आयोजित रात्रि चौपालों में अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
चौपालों का आयोजन विकास खंड कुंडा की ग्राम पंचायत लौंडा, मगरौरा की ग्राम पंचायत कन्धईमधुपुर, मांधाता की ग्राम पंचायत पूरे लाल तथा आसपुर देवसरा की ग्राम पंचायत बींद में किया गया।
चौपालों में ग्रामीणों ने आवास, पेंशन, राशन कार्ड, पेयजल, सड़क मरम्मत, स्वच्छता, भूमि विवाद सहित विभिन्न स्थानीय समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। नामित नोडल अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कई मामलों में मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ कराई गई। चौपालों में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाओं का वितरण किया और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही। प्रशासन ने कहा कि रात्रि चौपालें जनसमस्याओं के समाधान और जनता-प्रशासन के बीच संवाद को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर ग्राम पंचायतों में आयोजित की जा रही चौपाल में शामिल होने के लिए जिले के प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह शनिवार को बेल्हा रहेंगे।
प्रभारी मंत्री दोपहर बारह बजे विकास भवन में पत्रकारों से बातचीत करेंगे। साढ़े पांच बजे वह विकास खंड लक्ष्मणपुर की ग्राम पंचायत देवली में संचालित गो संरक्षण केंद्र का निरीक्षण करेंगे।
इसके बाद इसी विकास खंड की ग्राम पंचायत कटैया नेवादा में आयोजित रात्रि चौपाल में शामिल होकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे और सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे। चौपाल के बाद मुख्यालय स्थित लोक निर्माण के डाक बंगले में रात्रि विश्राम करेंगे।





