राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले प्रयागराज में भव्य बाइक रैली, छात्रों से शामिल होने की अपील
प्रयागराज में राहुल गांधी के 8 अगस्त को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले कांग्रेस ने भव्य बाइक रैली निकाली। रैली में छात्र, युवा और प्रतियोगी शामिल हुए। एडवोकेट रजनीश ने युवाओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।

प्रयागराज न्यूज, राहुल गांधी, छात्रों की गूंज, बाइक रैली, कांग्रेस, अजय राय, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज कांग्रेस, छात्र राजनीति, युवा कांग्रेस, प्रतियोगी छात्र,
KP Ground, Uttar Pradesh News, Breaking News
राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले प्रयागराज में निकली भव्य बाइक रैली
प्रयागराज। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 8 अगस्त 2026 को प्रयागराज के केपी ग्राउंड में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से एक दिन पहले शुक्रवार को कांग्रेस की ओर से भव्य बाइक रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
बाइक रैली इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ भवन से शुरू हुई। इसके बाद रैली कटरा, बैंक रोड, डब्ल्यूएस रोड समेत शहर के कई प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रैली के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रास्ते में कई जगह लोगों ने रैली का स्वागत किया और बड़ी संख्या में छात्र-युवा भी अभियान से जुड़ते गए।
केंद्रीय विश्वविद्यालय इलाहाबाद के पूर्व छात्र नेता एवं कांग्रेस नेता एडवोकेट रजनीश के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र बाइक रैली में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने युवाओं से घर-घर, छात्रावासों, लॉज और कोचिंग संस्थानों तक पहुंचकर संवाद किया और 8 अगस्त को शाम 5 बजे केपी ग्राउंड में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
शिक्षा, रोजगार और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर उठेगी आवाज
एडवोकेट रजनीश ने कहा कि आज का युवा शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, पेपर लीक, छात्रवृत्ति, महंगी शिक्षा और रोजगार के अवसरों जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद करना चाहता है। उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम छात्रों और युवाओं के इन्हीं सवालों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने का मंच बनेगा।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद करेंगे तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनेंगे।
छात्रों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक पहुंचने की अपील
एडवोकेट रजनीश ने कहा कि प्रयागराज सदैव छात्र आंदोलनों और वैचारिक चेतना की धरती रहा है। उन्होंने छात्र-छात्राओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों और युवाओं से अपील की कि वे 8 अगस्त को केपी ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि प्रयागराज में आयोजित होने वाला ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम युवाओं की आवाज को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन साबित होगा।



