
कुंडा।
कोतवाली क्षेत्र के हन्नू सिंह का पुरवा गांव निवासी अशोक कुमार गुप्ता की शनिवार को कुंडा स्थित श्रद्धालु हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक, अशोक कुमार गुप्ता की तबीयत खराब होने पर उसे इलाज के लिए श्रद्धालु हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
इलाज के दौरान उसकी हालत बिगड़ती गई। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने चिकित्सकों से अशोक को किसी बड़े अस्पताल के लिए रेफर करने की मांग की, लेकिन अस्पताल की ओर से पहले ब्लड और यूरिन की जांच कराने की बात कही जाती रही।
परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान युवक की हालत और गंभीर हो गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही बरते जाने की शिकायत पुलिस से की।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।





