विश्व पर्यावरण दिवस पर महासंघ ने किया वृक्षारोपण, कुंडा एसडीएम बोले- धरती ग्रीन और नदी क्लीन बनाना हम सबका कर्तव्य
प्रतापगढ़ के कुंडा में विश्व पर्यावरण दिवस पर भा.रा. पत्रकार महासंघ के तत्वावधान में एसपी इंटर कॉलेज में वृक्षारोपण व संगोष्ठी आयोजित हुई इसमें पौध रोपण के साथ ही पौधों व पर्यावरण संरक्षण को लेकर चर्चा की गई

कुंडा (प्रतापगढ़): पर्यावरण के प्रति जागरूकता एवं योगदान हम सभी की जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि हमारा परम कर्तव्य भी है। प्रकृति से अनावश्यक छेड़छाड़ मानव जीवन के लिए खतरनाक साबित हो रही है। इसलिए पर्यावरण को स्वच्छ व हरा-भरा बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण की आवश्यकता है। प्रकृति के असंतुलित होने से ग्लोबल वार्मिंग का खतरा पूरी दुनिया पर मंडरा रहा है, जिससे बचने के लिए हमें जल और जंगल को बचाना ही होगा।
यह बातें विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के तत्वावधान में एसपी इंटर कॉलेज कुंडा परिसर में आयोजित वृक्षारोपण व जन जागरूकता संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एसडीएम वाचस्पति सिंह ने कहीं। कार्यक्रम से पहले कॉलेज परिसर में फलदार व छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
‘प्लास्टिक छोड़ें, साइकिल अपनाएं’ और प्रदूषण मिटाएं: एसडीएम
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए एसडीएम वाचस्पति सिंह ने कहा कि वायु, ध्वनि और जल प्रदूषण को दूर करने के लिए ‘धरती ग्रीन व नदी क्लीन’ के संकल्प के साथ हम सबको सचेत रहना होगा। उन्होंने जनता से अपील की।
प्लास्टिक का बहिष्कार: बाजारों से सामान खरीदते समय कपड़े या कागज के थैलों का इस्तेमाल करें। प्लास्टिक के थैले वर्षों तक गलते नहीं हैं और हमारे जीवन को बर्बाद कर रहे हैं।
वाहनों का सीमित प्रयोग: अनावश्यक वाहनों के इस्तेमाल से बचें, क्योंकि इनसे निकलने वाली कार्बन डाइऑक्साइड हमारे फेफड़ों और आंखों को नुकसान पहुंचा रही है। दैनिक जीवन में साइकिल का उपयोग करें और बेहद जरूरी होने पर ही वाहन निकालें।
गंगा एक्सप्रेस-वे के किनारे 43 किमी तक होगा सघन वृक्षारोपण
विशिष्ट अतिथि फॉरेस्ट रेंजर आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार पांच दिवसीय वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ हो गया है। इसके तहत आम जनता को भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि इस वर्ष गंगा एक्सप्रेस-वे के किनारे 43 किलोमीटर तक सघन वृक्षारोपण किया जाएगा।
सामाजिक सरोकारों के लिए प्रतिबद्ध है पत्रकार महासंघ
समारोह की अध्यक्षता करते हुए भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय मुख्य महासचिव मथुरा प्रसाद धुरिया ने कहा कि महासंघ हर वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधरोपण कराता है। संगठन द्वारा पूर्व में तहसील, कोतवाली, नगर पंचायत और कई इंटर कॉलेजों में लगाए गए पौधे आज विशाल वृक्ष बन चुके हैं। प्रदेश महासचिव अजय पाण्डेय ने दोहराया कि पत्रकार महासंघ सदैव सामाजिक सरोकारों के लिए दृढ़ संकल्पित है। कार्यक्रम का कुशल संचालन वरिष्ठ पत्रकार व अनुशासन प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी डॉ. विजय यादव ने किया।
वनों का संरक्षण और जन-जन तक संदेश
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय ने कहा कि केवल पौधारोपण ही काफी नहीं है, बल्कि वनों का संरक्षण भी आवश्यक है और इसके लिए पुलिस प्रशासन वन विभाग के साथ मुस्तैद है। एसपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राधेश्याम दूबे ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण का यह संदेश विद्यार्थियों के माध्यम से हर घर तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
इस मौके पर मुख्य रूप से भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष गोलू शुक्ला, अजय यादव, विनोद मिश्रा, रवींद्र दुबे, अजय त्रिपाठी, देवेन्द्र नारायण मिश्रा, प्रवीण मिश्रा, शास्वत शुक्ला, अमित शुक्ला, अजमत अली, बालेन्दु मिश्रा, रवीन्द्र नाथ, वाचस्पति तिवारी, श्याम नारायण, रमेशचंद्र वर्मा, अतुल मिश्रा, श्रीगणेश, सेक्शन ऑफिसर केशव प्रसाद, जयकरन यादव, छोटे खां और भाईलाल सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक व पत्रकार मौजूद रहे।





