
प्रतापगढ़।
रानीगंज थाना क्षेत्र के जरियारी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट और फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, आठ अगस्त को जरियारी गांव में दो पक्षों के बीच पुरानी फौजदारी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि रास्ते में घेरकर अम्ब्रीश कुमार यादव और उसके भाई बच्चा यादव के साथ मारपीट की गई।
इसी दौरान प्रदुम्न यादव उर्फ अभिषेक यादव ने बच्चा यादव के पेट में गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी हवाई फायरिंग और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल को रानीगंज ट्रामा सेंटर से मेडिकल कॉलेज और फिर स्वरूपरानी अस्पताल प्रयागराज रेफर किया गया था।
मामले में अम्ब्रीश की तहरीर पर रानीगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर अठेठी स्थित सगीर की बगिया से प्रदुम्न यादव उर्फ अभिषेक यादव निवासी जरियारी और रोहित यादव निवासी जरियारी को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान प्रदुम्न के पास से कमर में खोंसा 315 बोर का तमंचा, उसकी नाल से खोखा कारतूस तथा पैंट की जेब से जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस के मुताबिक प्रदुम्न के खिलाफ पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार और क्षेत्राधिकारी रानीगंज प्रशान्त राज के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी के नेतृत्व में की गई।





