ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़

पिता की हत्या कर शव घर में दफनाने वाला बेटा गिरफ्तार, पूछताछ में किया चौंकाने वाला खुलासा

प्रतापगढ़ के महेशगंज थाना क्षेत्र में पिता की हत्या कर शव घर में दफनाने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया। आरोपी बेटे को सर्विलांस की मदद से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में हत्या की बात कबूल करने का दावा।

प्रतापगढ़ I

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के महेशगंज थाना क्षेत्र के चर्चित अठैसा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक के बेटे विजय द्विवेदी (35) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने अपने पिता की हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को घर के एक कमरे में गड्ढा खोदकर दफना दिया था। आरोपी को सर्विलांस सेल की मदद से पट्टी थाना क्षेत्र के महेवा मलकिया अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, अठैसा गांव निवासी जगदीश द्विवेदी के बड़े पुत्र ने 23 जुलाई को महेशगंज थाने में तहरीर देकर बताया था कि वह गुरुग्राम से अपने पैतृक घर पहुंचा तो पिता और छोटा भाई विजय दोनों लापता थे। घर का ताला खुलवाने पर पिछले कमरे की जमीन खुदी हुई मिली, जहां से दुर्गंध आ रही थी। संदेह होने पर खुदाई कराई गई तो जमीन के अंदर से जगदीश द्विवेदी का शव बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

थाना महेशगंज पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने फरार आरोपी विजय द्विवेदी की तलाश शुरू की। तकनीकी निगरानी और सर्विलांस की मदद से आरोपी को मंगलवार को महेवा मलकिया अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में विजय द्विवेदी ने बताया कि 15 जुलाई को पिता के साथ हुए विवाद के दौरान उसने उनकी हत्या कर दी थी। इसके बाद पकड़े जाने के डर से उसने घर के एक कमरे में गड्ढा खोदकर शव दफना दिया और अगले दिन घर में ताला लगाकर गुरुग्राम चला गया। आरोपी ने यह भी बताया कि वह अपनी पत्नी से मिलने उसके मायके जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button