हल्की बारिश में ही तहसील परिसर बना तालाब, जलभराव से वकीलों में आक्रोश
लालगंज तहसील परिसर में हल्की बारिश के बाद जलभराव से अधिवक्ताओं और वादकारियों को परेशानी हुई। वकीलों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्थायी समाधान की मांग की, जबकि एसडीएम ने नगर पंचायत को आवश्यक निर्देश देने की बात कही।

लालगंज, प्रतापगढ़। शुक्रवार को हुई हल्की बारिश ने एक बार फिर तहसील परिसर की बदहाल जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। कुछ ही देर की बारिश में परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार सहित कई स्थानों पर जलभराव हो गया, जिससे अधिवक्ताओं, वादकारियों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
संयुक्त अधिवक्ता संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अबरार अहमद ने बताया कि तहसील परिसर में जलभराव की समस्या को लेकर कई बार समाधान दिवस सहित विभिन्न अवसरों पर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन आज तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि हर बार केवल आश्वासन मिलता है, जबकि स्थिति जस की तस बनी हुई है।
पूर्व महामंत्री संतोष पाण्डेय समेत अन्य अधिवक्ताओं ने भी प्रशासन की उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन करने पर विवश होना पड़ेगा।
बारिश के कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर तथा विद्युत उपकेंद्र के मुख्य द्वार के सामने भी जलभराव की स्थिति देखने को मिली। सार्वजनिक संस्थानों में बार-बार उत्पन्न हो रही इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों में भी रोष है। उनका कहना है कि यदि अभी हल्की बारिश में यह स्थिति है, तो मानसून की तेज बारिश के दौरान हालात और अधिक गंभीर हो सकते हैं, जिससे आमजन की दैनिक गतिविधियां प्रभावित होंगी।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी शैलेन्द्र वर्मा ने बताया कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।





