ताज़ा ख़बरफतेहपुर

फतेहपुर: प्रेम विवाह के 15 दिन बाद युवक की संदिग्ध मौत, पत्नी और ससुर पर हत्या का आरोप

फतेहपुर के खागा में प्रेम विवाह के महज 15 दिन बाद 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी। परिजनों ने पत्नी और ससुर पर हत्या का आरोप लगाते हुए अंतिम संस्कार से इनकार किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी।

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र में प्रेम विवाह के महज 15 दिन बाद 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी। मृतक के परिजनों ने युवक की पत्नी और ससुर पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है।

पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों ने अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर घंटों हंगामा किया।

गुजरात में हुई थी पहचान, 15 दिन पहले किया था निकाह
जानकारी के अनुसार खागा कोतवाली क्षेत्र के अमाव गांव निवासी मोहम्मद समीर (22) गुजरात में काम करता था। वहीं उसकी पहचान खागा कस्बे की रहने वाली तलाकशुदा महिला आरजू सबनम उर्फ सब्बो से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और परिवार के विरोध के बावजूद करीब 15 दिन पहले दोनों ने निकाह कर लिया। निकाह के बाद समीर अपनी पत्नी के मायके में रह रहा था।

परिजनों का दावा- हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया
परिजनों का आरोप है कि शनिवार को पुलिस ने सूचना दी कि समीर ने आत्महत्या कर ली है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने शरीर पर चोट के निशान होने का दावा किया। उनका कहना है कि समीर की हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे।

गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से किया इनकार
मृतक के परिजनों ने पत्नी और उसके पिता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आरोपितों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और तहरीर लेकर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया।

पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों की तहरीर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नोट: परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौत के कारणों का अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही सामने आएगा।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button