अयोध्याताज़ा ख़बर

रक्षाबंधन पर डाक विभाग की खास तैयारी, वाटरप्रूफ लिफाफे में सुरक्षित पहुंचेगी राखी

अयोध्या में रक्षाबंधन पर डाक विभाग 10 रुपये में वाटरप्रूफ लिफाफे उपलब्ध करा रहा है। स्पीड पोस्ट और पार्सल से राखी देश-विदेश में सुरक्षित भेज सकेंगे।

अयोध्या।

रक्षाबंधन को लेकर डाक विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार बहनों की राखी बारिश के पानी से खराब न हो, इसके लिए डाक विभाग वाटरप्रूफ और आकर्षक रंगीन लिफाफे उपलब्ध करा रहा है। महज 10 रुपये के लिफाफे में बहनें स्पीड पोस्ट और पार्सल के जरिए देश-विदेश में अपने भाइयों तक राखी भेज सकेंगी।

रक्षाबंधन का पर्व इस बार 28 अगस्त को मनाया जाएगा। नौकरी और अन्य कारणों से घर से दूर रहने वाले भाइयों तक राखी पहुंचाने के लिए डाक विभाग की यह सुविधा बहनों के लिए उपयोगी साबित होगी।

बारिश में भी नहीं भीगेगी राखी

अयोध्या मंडल के अधीक्षक डाकघर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कई बार कागज के लिफाफे कमजोर होने या बारिश के पानी में भीगने से राखी खराब हो जाती है। इसे देखते हुए डाक विभाग ने वाटरप्रूफ लिफाफे की व्यवस्था की है।

उन्होंने कहा कि बहनें इन लिफाफों में राखी सुरक्षित रखकर अपने भाइयों को भेज सकती हैं। लिफाफे को सरल और सुविधाजनक तरीके से तत्काल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

सभी प्रमुख डाकघरों में उपलब्ध होगा लिफाफा

मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, अयोध्या और अकबरपुर प्रधान डाकघर समेत मंडल के सभी उप डाकघरों में राखी भेजने के लिए वाटरप्रूफ लिफाफे उपलब्ध करा दिए गए हैं।

बहनें राखी और मिठाई भेजने के लिए डाक विभाग की स्पीड पोस्ट और पार्सल सेवा का इस्तेमाल कर सकती हैं। इससे दूर शहरों और विदेशों में रहने वाले भाइयों तक राखी सुरक्षित पहुंचाई जा सकेगी।

भाइयों से सुकन्या समृद्धि खाते का उपहार देने की अपील

रक्षाबंधन के मौके पर डाक विभाग ने भाइयों से बहनों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाने की अपील भी की है।

अधीक्षक डाकघर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि भाई इस रक्षाबंधन पर अपनी बहन को सुकन्या समृद्धि खाते का उपहार देकर उसके भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाने की दिशा में कदम उठा सकते हैं। उन्होंने बताया कि 250 रुपये से सुकन्या समृद्धि खाता खोला जा सकता है।

सुकन्या समृद्धि अभियान को लेकर हुई बैठक

रक्षाबंधन पर्व और सुकन्या समृद्धि अभियान को गति देने के लिए अयोध्या मंडल कार्यालय में अधीक्षक डाकघर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक भी की। बैठक में अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और डाक विभाग की सेवाओं का लाभ आम लोगों को दिलाने पर चर्चा हुई।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button