चित्रकूट की 45 छात्राओं का मंडल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए चयन, राज्य स्तर की तैयारी शुरू
चित्रकूट के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की 45 छात्राओं का मंडल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। चयनित खिलाड़ियों को 7 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। डीएम पुलकित गर्ग और अधिकारियों ने छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।
चित्रकूट:
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राओं ने मंडल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता चयन ट्रायल में शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिला समन्वयक बालिका शिक्षा संतोष साहू ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल स्टेडियम, बांदा में आयोजित चयन ट्रायल में जिले की करीब 70 छात्राओं ने हिस्सा लिया, जिनमें से 45 छात्राओं का मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया।
इन विद्यालयों की छात्राओं ने लिया हिस्सा
चयन ट्रायल में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय शिवरामपुर, चकला-चकौंध, मानिकपुर और मऊ की छात्राओं ने प्रतिभाग किया। चयनित खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी देवीदयाल पाल और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रंजना शुक्ला ने छात्राओं को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
7 दिन का विशेष प्रशिक्षण होगा
जिला व्यायाम शिक्षक दयानंद सिंह ने बताया कि चयनित छात्राओं को 7 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए जिले के खेल शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी ताकि खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए बेहतर तैयारी कर सकें।
कई खेलों में दिखाया दम
चयनित छात्राएं दौड़, कबड्डी, वॉलीबॉल, ऊंची कूद, लंबी कूद, खो-खो, गोला फेंक, चक्का फेंक, शतरंज, कैरम, तैराकी और भाला फेंक सहित विभिन्न खेलों में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में लेखाकार हरीश कुमार तथा व्यायाम शिक्षक दीप शिखा, अर्चना सिंह, श्रीकेशन, श्यामसुंदर यादव, छेदीलाल सोनकर और विनोद सिंह का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।





