गोरखपुरताज़ा ख़बरबस्ती

गोरखपुर जिला जेल से दुष्कर्म का आरोपी फरार, दीवार फांदकर भागा बंदी; डीएम-एसएसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

गोरखपुर जिला कारागार से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट का आरोपी बंदी दीवार फांदकर फरार हो गया। घटना के बाद डीएम और एसएसपी ने जेल पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। दो बंदी रक्षकों को निलंबित कर जांच शुरू।

गोरखपुर

गोरखपुर जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में बंद एक आरोपी शुक्रवार सुबह जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया। बंदी के फरार होने की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। इसके बाद जिले की पुलिस ने तलाश अभियान शुरू किया, वहीं जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जेल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली।

बागिया में काम करने के दौरान मौका पाकर हुआ फरार

जानकारी के मुताबिक बांसगांव क्षेत्र के सरसोपार निवासी विपिन दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में 18 जुलाई से जिला कारागार में बंद था। शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे उसे जेल परिसर से सटी नई बाउंड्री वॉल के पास स्थित बगिया में अन्य 48 बंदियों के साथ काम करने के लिए ले जाया गया था।

आरोप है कि इसी दौरान बंदी ने मौका पाकर पहले एक पेड़ पर चढ़ाई की और फिर जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया।

पुलिस ने शुरू किया तलाशी अभियान

बंदी के फरार होने की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल पुलिस को जानकारी दी गई, जिसके बाद आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस ने जेल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।

हालांकि खबर लिखे जाने तक फरार बंदी का कोई सुराग नहीं मिल सका था। पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं।

सुरक्षा में लापरवाही की जांच शुरू

घटना के बाद ड्यूटी पर तैनात बंदी रक्षकों से पूछताछ की जा रही है। जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ड्यूटी में तैनात दो बंदी रक्षकों को निलंबित कर दिया गया है।

डीएम और एसएसपी ने किया जेल का निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जिला कारागार पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने जेल परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

फरार बंदी की तलाश में पुलिस की टीमें सक्रिय

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही जेल सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button