ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़

इंटरलॉकिंग निर्माण पर उठे सवाल, मानकों की अनदेखी का आरोप; ग्रामीणों ने डीएम से की जांच की मांग

प्रतापगढ़ के अंतू नगर पंचायत क्षेत्र में इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। डीएम को शिकायत देकर जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।

मानकों की अनदेखी कर हो रहा इंटरलॉकिंग निर्माण? ग्रामीणों ने डीएम से की जांच की मांग
प्रतापगढ़। नगर पंचायत अंतू क्षेत्र में कराए जा रहे इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य की गुणवत्ता और नियमों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के विपरीत कराया जा रहा है। साथ ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की सड़क पर बिना विभागीय अनुमति के निर्माण कराए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि आजाद मार्ग पर कराए जा रहे इंटरलॉकिंग कार्य में निर्माण की गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है। आरोप है कि इंटरलॉकिंग बिछाने से पहले जिस प्रकार गिट्टी की समुचित कुटाई और बेस तैयार किया जाना चाहिए था, वह नहीं किया गया। इसके अलावा सीमेंट और रेत के मिश्रण में भी निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

ग्रामीणों ने अपने शिकायती पत्र में कहा है कि यदि मानकविहीन निर्माण को नहीं रोका गया तो कुछ ही समय में सड़क क्षतिग्रस्त हो सकती है, जिससे सरकारी धन की बर्बादी होगी। शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी से स्वतंत्र जांच टीम गठित कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत पत्र के साथ कई स्थानीय लोगों के नाम और मोबाइल नंबर भी गवाह के रूप में दिए गए हैं। अब यह देखना होगा कि जिला प्रशासन शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराता है। यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button