
लालगंज, प्रतापगढ़। तहसील क्षेत्र के कोटवा रैचनपुर गांव के होनहार छात्र प्रियांशु यादव ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG) 2026 में पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने परीक्षा उत्तीर्ण कर एमबीबीएस (MBBS) पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए क्वालीफाई किया है।
प्रियांशु यादव, रणजीत सिंह यादव के पुत्र हैं और ब्लॉक सांगीपुर के कोटवा रैचनपुर गांव के निवासी हैं। ग्रामीण परिवेश में रहकर सीमित संसाधनों के बीच कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है।
प्रियांशु की सफलता की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों का कहना है कि प्रियांशु ने यह साबित कर दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
क्षेत्र के शिक्षकों और गणमान्य लोगों ने भी प्रियांशु की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। ग्रामीण अंचल से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की कठिन प्रतियोगी परीक्षा में पहले ही प्रयास में सफलता प्राप्त करना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।प्रियांशु की उपलब्धि पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, राविंद्र सिंह यादव, संजय यादव, मनोज मिश्रा, एडवो सुरेश शर्मा, राम प्रकाश यादव,राजेश्वर यादव, शुभम श्रीवास्तव ,डा० एस० एल ० यादव , कुबेर सोनी, फूलचन्द्र यादव, हरि प्रकाश यादव ‘शिक्षक’ डा० वी० पी० यादव, उमाशंकर यादव इत्यादि ने हर्ष जताया है।





