
प्रतापगढ़।
जिले के धार्मिक, पौराणिक और ऐतिहासिक स्थलों के विकास को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं। विधानसभा क्षेत्र-248 प्रतापगढ़ के आठ प्रमुख स्थलों को ‘वंदन योजना’ में शामिल कराने की कवायद तेज हो गई है। विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य की पहल पर शासन ने जिलाधिकारी से नियमानुसार कार्रवाई करते हुए स्पष्ट संस्तुति और औचित्यपूर्ण प्रस्ताव तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
विधायक की पहल पर शासन ने लिया संज्ञान
विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य ने बीते 2 अप्रैल को शासन को पत्र भेजकर क्षेत्र के आठ प्रमुख धार्मिक स्थलों को ‘वंदन योजना’ में शामिल करने की मांग की थी। उन्होंने इन स्थलों पर अवस्थापना सुविधाओं के विकास, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था।
शासन की ओर से 15 अप्रैल को जारी पत्र में संबंधित स्थलों की सूची का उल्लेख करते हुए जिला प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इन 8 धार्मिक स्थलों के विकास का भेजा गया प्रस्ताव
‘वंदन योजना’ के तहत प्रस्तावित स्थलों में शामिल हैं—
- शुकुलपुर स्थित मां चंडिका देवी धाम
- महुली का राम-जानकी मंदिर
- कटरा मेदनीगंज का शिव मंदिर
- गड़वारा का शिव धाम एवं शहीद सतीश चंद्र वर्मा स्थल
- प्रतापगढ़ सिटी का राम-जानकी मंदिर
- मलियाना वार्ड का मां काली मंदिर
- अंतू स्थित हनुमान मंदिर
इन स्थलों को धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के आधार पर विकास योजना में शामिल कराने का प्रयास किया जा रहा है।
वंदन योजना से बढ़ेंगी सुविधाएं और होगा सौंदर्यीकरण
शासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में संचालित ‘वंदन योजना’ के अंतर्गत धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व वाले स्थलों की सूची तैयार कर औचित्यपूर्ण प्रस्ताव और स्पष्ट संस्तुति के साथ भेजने को कहा है।
यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो इन स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए यात्री सुविधाएं, बुनियादी ढांचे का विकास, प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण सहित अन्य कार्य कराए जाने की संभावना है।
प्रतापगढ़ में धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
आठ प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास की पहल से जिले में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। अब जिला प्रशासन की रिपोर्ट और शासन की मंजूरी पर सभी की नजरें टिकी हैं।





