दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने आरोपी युवक को जेल भेजा किंतु होटल संचालक पर पुलिस की मेहरबानी चर्चा में
प्रतापगढ़ में दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, मामले से जुड़े होटल संचालक पर कार्रवाई न होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस की भूमिका को लेकर चर्चा तेज है।

प्रतापगढ़।
दुष्कर्म के एक मामले में जेठवारा पुलिस की कार्रवाई को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। पीड़िता ने अपने बयान में कथित घटना के स्थान के तौर पर लालगंज कस्बे के एक होटल का नाम स्पष्ट रूप से दर्ज कराया है। उसके मुताबिक आरोपी युवक ने शादी का झांसा देकर उक्त होटल में उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया। मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, लेकिन घटना में होटल का नाम सामने आने के बावजूद होटल संचालक से पूछताछ अथवा उसके विरुद्ध कार्रवाई न किए जाने को लेकर पुलिस की भूमिका चर्चा में है।
दस्तावेज में दर्ज विवरण के मुताबिक पीड़िता ने घटना का स्थान होटल बताया है और आरोपी के संबंध में भी जानकारी दर्ज कराई है। पीड़िता के कथन के अनुसार आरोपी युवक उसे शादी का भरोसा देकर होटल ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने मामले में आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया, लेकिन लालगंज के जिस होटल में कथित घटना होने की बात पीड़िता के बयान में सामने आई है, उसके संचालक की भूमिका की जांच हुई या नहीं, यह सवाल अब उठ रहा है। आखिर होटल में बिना किसी रिकॉर्ड अथवा जानकारी के यह घटना कैसे हुई? होटल में ठहरने वाले युवक-युवती की एंट्री, पहचान पत्र और अन्य अभिलेख पुलिस ने खंगाले या नहीं—इसको लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
पीड़िता के बयान में होटल का नाम होने के बावजूद संचालक से पूछताछ नहीं किए जाने की चर्चा ने पुलिस और होटल संचालक के बीच कथित नजदीकी को लेकर तरह-तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि होटल संचालक की भूमिका और किसी प्रकार की संलिप्तता का निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा।
अब सवाल यह है कि जब पीड़िता ने कथित घटनास्थल के रूप में होटल का नाम बताया है तो पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज, आगंतुक रजिस्टर और अन्य रिकॉर्ड कब्जे में लेकर जांच की अथवा नहीं? पुलिस की निष्पक्ष जांच से ही इन सवालों का जवाब मिल सकेगा।थाना प्रभारी जेठवारा ने बताया कि मामले की विवेचना अभी प्रचलित है।अन्य विधिक कार्यवाही की जा रही है।





