
सुल्तानपुर।
अखंड नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और कथित गो तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, उनके कुछ साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग का आरोप
पुलिस के मुताबिक मंगलवार-बुधवार की रात अखंड नगर पुलिस कुंदा भैरवपुर सर्वेश लेन अंडरपास के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार संदिग्ध लोगों को रुकने का इशारा किया गया।
आरोप है कि बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी को गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
एक आरोपी घायल, दूसरा गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार घायल आरोपी की पहचान अब्दुल सलाम पुत्र खलील निवासी हाजीगंज थाना चांदा के रूप में हुई है। वहीं उसके भाई रियाज को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
घायल आरोपी को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार कराया गया।
हथियार और बाइक बरामद करने का दावा
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 12 बोर तमंचा, कारतूस, लोहे का चापड़, थीहा और बाइक बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार अब्दुल सलाम के खिलाफ चांदा थाने में पहले से एक मुकदमा दर्ज है, जबकि रियाज के खिलाफ कुल 10 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
न्यायालय भेजे गए आरोपी, टीम को मिला इनाम
पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अखंड नगर धीरेन्द्र वर्मा, उपनिरीक्षक संतोष कुमार, उपनिरीक्षक कन्हैया कुमार पांडेय समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
एसपी चारु निगम ने कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देकर उनका उत्साहवर्धन किया।





