
प्रतापगढ़।
पूर्व कैबिनेट मंत्री मोती सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पूर्व मंत्री के प्रतिनिधि विनोद पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के मनापुर निवासी राजा सिंह पुत्र लाल साहब सिंह और उनके सहयोगी अनूप सिंह व सिद्धार्थ सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपितों द्वारा फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर पूर्व मंत्री मोती सिंह की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही थीं। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपितों ने उनके खिलाफ भी सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी की और उनकी मां-बहन को लेकर कथित तौर पर गाली-गलौज की।
शिकायत में सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों की सत्यता और संबंधित आईडी की जांच के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।



