इंदिरा नगर में महापौर सुषमा खर्कवाल का औचक निरीक्षण, सीवर और पेयजल समस्याएं 2 दिन में दूर करने के निर्देश
लखनऊ के इंदिरा नगर सेक्टर-सी में महापौर सुषमा खर्कवाल ने औचक निरीक्षण कर सीवर, पेयजल और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों को दो दिन के भीतर सभी शिकायतों का समाधान करने और अनुपालन रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

लखनऊ।
राजधानी के इंदिरा नगर सेक्टर-सी में सीवर जाम, पेयजल आपूर्ति और सफाई व्यवस्था को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच सोमवार को महापौर सुषमा खर्कवाल ने जोन-7 क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को दो दिन के भीतर सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अभिनव रंजन, जलकल विभाग के महाप्रबंधक कुलदीप सिंह, जोनल अधिकारी विकास सिंह, पार्षद प्रतिनिधि सूरज जसवानी सहित नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
महापौर ने क्षेत्र में सीवर, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का मौके पर निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी समस्याओं का समाधान कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिक सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सेक्टर-सी की सफाई व्यवस्था और पार्कों की बदहाल स्थिति पर भी महापौर ने नाराजगी जताई। उन्होंने नियमित सफाई, समय पर कूड़ा उठान, हरित क्षेत्रों के रखरखाव और पार्कों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने और नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।





