ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़

प्रतापगढ़ में ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, नौ पासबुक और चार चेकबुक बरामद

प्रतापगढ़ के कुंडा में ऑनलाइन सट्टेबाजी और अवैध गेमिंग गिरोह के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई। मुख्य आरोपी शैलेन्द्र प्रताप सिंह गिरफ्तार, नौ पासबुक, चार चेकबुक और तीन QR कोड बरामद।

प्रतापगढ़।

कुंडा क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टेबाजी और अवैध गेमिंग के जरिए लोगों को ठगी के जाल में फंसाने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुकदमे में वांछित मुख्य आरोपी शैलेन्द्र प्रताप सिंह (38) निवासी त्रिलोकपुर, बाघराय को दुखिया चौराहे से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नौ बैंक पासबुक, चार चेकबुक, आधार कार्ड और तीन QR कोड बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए सौरभ सिंह से पूछताछ के दौरान शैलेन्द्र प्रताप सिंह समेत अन्य लोगों द्वारा New LOTUS Gaming की ऑनलाइन सट्टेबाजी ब्रांच संचालित किए जाने की जानकारी सामने आई थी।

बैंक खातों के जरिए होता था रकम का लेनदेन

पुलिस का आरोप है कि गिरोह लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उनकी पासबुक और चेकबुक अपने कब्जे में रखता था। इन बैंक खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़ी रकम के लेनदेन के लिए किया जाता था। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने शैलेन्द्र प्रताप सिंह को मुकदमे में वांछित आरोपी बनाया था।

पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बरामद दस्तावेजों और बैंकिंग सामग्री को जांच में शामिल कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने कितने बैंक खातों का इस्तेमाल किया और इनके जरिए कितनी रकम का लेनदेन किया गया।

पहले भी बरामद हो चुका है सामान

इस मामले में पुलिस पहले सौरभ सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। उसके कब्जे से आठ मोबाइल फोन, लैपटॉप, टैबलेट, 15 बैंक पासबुक, नौ चेकबुक और सात एटीएम कार्ड समेत अन्य सामग्री बरामद की गई थी।

कुंडा थाने में इस मामले में 307 बीएनएस, आईटी एक्ट और ऑनलाइन गेमिंग अधिनियम की संबंधित धाराओं में पांच नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है।

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। साथ ही बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की भी जांच की जा रही है।

Girijesh Tiwari

गिरिजेश तिवारी वरिष्ठ एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया में लंबे समय का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने हिन्दुस्तान, राष्ट्रीय सहारा और यूनाइटेड भारत जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में प्रतापगढ़ से दैनिक पॉड के संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button